किसान समस्याओं को लेकर कांग्रेसजनों ने बुलंद की आवाज
बेतहासा बढ़ती महंगाई लगाम व बेमौसम बारिश के बर्बाद हुई फसल का मुआवजा देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलित कांग्रेसजनों ने सोमवार को ज्ञानपुर नगर में पैदल मार्च किया। वहीं कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन कर विरोध जताया। मांगों संबंधी पत्रक क्रमश तहसीलदार व जिलाधिकारी को सौंपा गया।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : बेतहाशा बढ़ती महंगाई लगाम व बेमौसम बारिश के बर्बाद हुई फसल का मुआवजा देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलित कांग्रेसजनों ने सोमवार को ज्ञानपुर नगर में पैदल मार्च किया। वहीं कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन कर विरोध जताया। मांगों संबंधी पत्रक क्रमश: तहसीलदार व जिलाधिकारी को सौंपा गया।
कांग्रेस नेता संतोष सिंह बघेल के नेतृत्व में नगर के दुर्गागंज त्रिमुहानी से पैदल मार्च करते निकले कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। जहां मांगों संबंधी पत्रक सौंपा गया। इस दौरान लोग महंगाई कम करो, पेट्रोल-डीजल का बढ़ा दाम वापस लो, किसानों को मुआवजा दो आदि नारे लगाते चल रहे थे। वक्ताओं ने कहा कि जनता महंगाई से त्रस्त है। किसान परेशान हैं, लेकिन केंद्र व प्रदेश सरकार झूठी घोषणाएं करने में मस्त हैं। किसानों को क्षतिग्रस्त फसल का मुआवजा भी नहीं मिल रहा है। पैदल मार्च में राजेश्वर दुबे, दीनानाथ दुबे, रत्नेश सिंह, वसीम अंसारी, उपेंद्र भारती, निजामुद्दीन मंसूरी आदि थे।
इसी तरह कांग्रेस राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य जगदीश प्रसाद पासी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। चक्रवाती तूफान व ओलावृष्टि से बर्बाद फसल की मुआवजा देने, चीनी मिल औराई को तत्काल चालू कराने, बेसहारा मवेशियों के लिए पर्याप्त गोशाला बनवाने, बिजली व रोडवेज पर बढ़े अधिभार को वापस लेने आदि की मांग की। केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। इस मौके पर सुरेश चंद उपाध्याय, संजीव दुबे, अबरार अहमद, राजेश पांडेय, रामधनी पांडेय आदि थे।