जम्मू-कश्मीर के कोल्ड फ्रंट ने बढ़ाया शीत लहर
जम्मू-कश्मीर से आने वाले कोल्ड फ्रंट के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश में तापमान अधिक गिरने से वह शीतलहर जैसी स्थिति उत्पन्न हुई है। यह स्थिति अभी आगे तक चलेगी। धूप तो होगी लेकिन पछुआ हवा उस पर भारी रहेगी।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : जम्मू-कश्मीर से आने वाले कोल्ड फ्रंट के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश में तापमान अधिक गिरने से वह शीतलहर जैसी स्थिति उत्पन्न हुई है। यह स्थिति अभी आगे तक चलेगी। धूप तो होगी लेकिन पछुआ हवा उस पर भारी रहेगी। गुरुवार दिन में 18 डिग्री सेल्सियस तापमान ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। उधर बदले मौसम के मिजाज से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सुबह की बर्फीली ठंड लोगों को हिलाकर रख दिया तो दिन में हुई हल्की धूप ने सहलाने काम किया। सुबह शाम लोग ठंड व गलन से बचाव के लिए अलाव का सहारा लेने को विवश हैं।
गत सप्ताह गुरुवार को हुई बारिश के बाद मौसम पूरी तरह से बदल चुका है। बर्फीली ठंड में दिन-रात इजाफा हो रहा है। ठंड व गलन के चलते सामान्य जन जीवन प्रभावित होने लगा है। लोगों की दिनचर्या जहां बदल चुकी है। अल सुबह उठ जाने वाले लोग जहां काफी देर तक बिस्तर से निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं तो उठने के बाद अलाव के सहारे हो जा रहे हैं। उधर ठंड व गलन ने लोगों के काम-काज पर भी असर डालना शुरू कर दिया है। मजदूरी पेशा लोग काम करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के एग्रोमेट एडवाइजरी बुलेटिन के संभावित अनुमान के अनुसार यह मौसम अभी आगे भी बरकरार रहेगा।