पुलिस छावनी में तब्दील रहेगी कालीन नगरी
मां दुर्गा के प्रतिमा विसर्जन शोभा यात्रा दौरान मंगलवार को प्रशासन द्वारा अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए रविवार को उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार पुलिस ने घंटों मंथन किया। ड्यूटी प्वाइंट बैरिकेडिग प्वाइंट चिहित किए गए तो अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई। दो प्लाटून पीएसी के साथ साथ जनपद के विभिन्न थानों तथा पड़ोसी जनपदों से भी फोर्स बुलाई गई है।
जासं, भदोही : मां दुर्गा के प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान मंगलवार को प्रशासन द्वारा अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की व्यवस्था की जाएगी। रविवार को उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार पुलिस ने घंटों मंथन किया। ड्यूटी प्वाइंट, बैरिकेडिग प्वाइंट चिहित किए गए तो अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई। दो प्लाटून पीएसी के साथ साथ जनपद के विभिन्न थानों तथा पड़ोसी जनपदों से भी फोर्स बुलाई गई है।
अति संवेदनशील शहर की श्रेणी में शामिल कालीन नगरी पर्वों के दौरान पुलिस छावनी में तब्दील हो जाती है। इस बार भी प्रशासन कोई कोताही बरतने से मूड में नहीं है। यही कारण है कि कई दिनों की माथापच्ची के बाद भारी भरकम फोर्स की व्यवस्था कर ली गई। भदोही, नईबाजार सहित आसपास क्षेत्र में स्थापित होने वाली सौ से अधिक प्रतिमाओं के विसर्जन तथा शोभा यात्रा हेतु सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह का कहना है कि पर्व सकुशल सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन कृत संकल्पित है तथा इसके लिए सम्पूर्ण व्यवस्था कर ली गई है। शहर कोतवाल श्रीकांत राय ने बताया कि जनपद के समस्त उच्चाधिकारियों के साथ तीन एसओ, ढाई दर्जन उप निरीक्षकों तथा सौ जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। एहतियात के तौर पर दो प्लाटून पीएसी भी शोभा यात्रा के दौरान मुस्तैद रहेगी। बताया कि दो ड्रोन कैमरे तथा चार वीडियो कैमरे के साथ साथ आधा दर्जन स्थानों पर खुफिया कैमरे भी लगाए गए हैं। एक दर्जन से अधिक महिला पुलिस तथा दो दर्जन जवानों को सादे वर्दी में तैनात किया जाएगा। शहर को प्रमुख नाकों, गलियों, संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिग की जाएगी। बताया कि शोभायात्रा को भी तीन जोन व नौ सेक्टरों में विभाजित किया गया है।