गोशाला पर बेसहारा मवेशियों को ले पहुंचे किसानों का हंगामा
स्थानीय डुडवा धर्मपुरी मोढ़ में खुले अस्थायी आश्रय स्थल पर बेसहारा मवेशियों को लेकर पहुंचे किसानों ने जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया आश्रय स्थल में मवेशियों को नहीं लिया जा रहा है।
जागरण संवादाता, मोढ़ (भदोही): स्थानीय डुडवा धर्मपुरी मोढ़ में खुले अस्थायी आश्रय स्थल पर बेसहारा मवेशियों को लेकर पहुंचे किसानों ने जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया आश्रय स्थल में मवेशियों को नहीं लिया जा रहा है। सुपरवाइजर द्वारा गोशाला में क्षमता से अधिक मवेशियों की बात कर इनकार किया जा रहा है।
किसानों ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने दस जनवरी तक किसी भी दशा में आश्रय स्थल तैयार करने का फरमान जारी किया था लेकिन अधिकारियों की मनमानी के कारण अभी तक बेसहारा मवेशियों के लिए आश्रय स्थल का निर्माण नहीं कराया जा सका है। दूर-दूर से मवेशियों को लाया जा रहा है लेकिन सुपरवाइजर द्वारा मवेशियों को लेने से इनकार कर दिया जा रहा है। आरोप है कि सीएम का फरमान मिलते ही अधिकारियों ने जिस तरह से तेजी दिखाई थी उसी तरह सुस्त पड़ गए हैं। अभी तक बेसहारा मवेशियों को सुरक्षित करने के लिए स्थायी और अस्थायी गोवंश आश्रय स्थलों की व्यवस्था नहीं हो सकी है। खेतों में खड़ी किसानों की फसल चौपट होती जा रही है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. आइ.ए खान ने बताया कि डुडवा धर्मपुरी में बने अस्थायी आश्रय स्थल में क्षमता तो एक हजार की है लेकिन टीन शेड मात्र दो सौ मवेशियों के लिए ही है। इसलिए वहां पर कोई दिक्कत आ रही है। कुछ ही दिन में औराई में आठ बीघे में आश्रय स्थल तैयार हो जाएगा। इसके अलावा भी कई स्थानों को चिन्हित किया गया है। जैसे इतने दिन किसान परेशान हैं वैसे ही कुछ दिन और उनकी समस्या का स्थायी समाधान किया जा रहा है।