भदोही की प्रधानाध्यापक उर्मिला देवी को मिला राज्य शिक्षक पुरस्कार, शिक्षा और खेल में उत्कृष्ट योगदान
उच्च प्राथमिक विद्यालय खेम्हईपुर की प्रधानाध्यापक उर्मिला देवी को शिक्षा के प्रति समर्पण और निष्ठा के लिए राज्य शिक्षक पुरस्कार ...और पढ़ें

उर्मिला देवी को शिक्षा के प्रति समर्पण और निष्ठा के लिए राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
HighLights
प्रधानाध्यापक उर्मिला देवी को शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान हेतु राज्य पुरस्कार।
5 सितंबर को लखनऊ में राज्यपाल द्वारा सम्मानित होंगी उर्मिला देवी।
विद्यालय के भौतिक परिवेश सुधारने और खेलकूद में भी सक्रिय रहीं।
जागरण संवाददाता, भदोही। विद्यालय में बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का कार्य हो या फिर शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी कोई भी अन्य गतिविधि अथवा खेलकूद। बढ़ चढ़कर भागीदारी कर उस कार्य को अंजाम तक पहुंचाने में पूरे समर्पण व निष्ठा के साथ लग जाने के परिणाम ने उच्च प्राथमिक विद्यालय खेम्हईपुर की प्रधानाध्यापक उर्मिला देवी को राज्य शिक्षक पुरस्कार विजेता बना दिया।
उनका चयन राज्य पुरस्कार के लिए किया गया है। पांच सितंबर शिक्षक दिवस के मौके पर लखनऊ में आयोजित होने वाले समारोह में में उन्हें राज्यपाल के हाथों मेडल, प्रशस्ति पत्र व नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
बेसिक शिक्षा परिषद अंतर्गत वर्ष 10 फरवरी 1999 में भदोही ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय असनांव में सहायक अध्यापक के पद पर नियुक्ति के बाद इन्होंने सेवा शुरू की। इसके पश्चात सितंबर 1999 में स्थानांतरित होकर प्राथमिक विद्यालय मूंसीलाटपुर तो जनवरी 2003 में प्रोन्नति प्राप्त कर उच्च प्राथमिक विद्यालय सनवइया व इसके पश्चात जुलाई 2008 उच्च प्राथमिक विद्यालय खेम्हईपुर में सेवा शुरू की।
2018 में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात होकर कार्य कर रही हैं। प्राथमिक से लेकर उच्च प्राथमिक विद्यालय से सहायक अध्यापक से लेकर प्रधानाध्यापक पद तक के निर्वहन में शिक्षण कार्य में अपनी अमिट छाप छोड़ी, बल्कि विद्यालय को आकर्षक एवं आनंददायी बनाने की प्रक्रिया में भौतिक परिवेश को बेहतर करने, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति बच्चों को जागरूक करते हुए पाठ्य सहगामी क्रियाकलापों पर अधिक बल देने के साथ ही संस्कार युक्त शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया।
इसके साथ ही शिक्षण-प्रशिक्षण कार्यक्रम से लेकर शिक्षा के क्षेत्र में होने वाले किसी भी कार्यक्रम में अग्रणी भूमिका निभाते नजर आईं। खेल गतिविधियों से भी जुड़ी रही। सात जुलाई 2019 में सिंगापुर में आयोजित 40 प्लस आयु वर्ग की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के वाक रेस में हिस्सा लेकर स्वर्ण पदक तक हासिल किया। जागरण से हुई बात में उन्होंने बताया कि निष्ठा के साथ किए गए कार्य का प्रतिफल मिला है। राज्य पुरस्कार के लिए चयन होने पर बेहद खुशी हुई है। इससे और भी समर्पण भाव के कार्य करने की प्रेरणा मिली है।
