विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भदोही विधायक का रिपोर्ट कार्ड : जनता के बीच रहकर साढ़े चार साल से कर रहे संघर्ष

By Jitendra Upadhyay Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 05 Sep 2026 01:04 PM (IST)

सपा विधायक जाहिद बेग ने भदोही विधानसभा में अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया, जिसमें ...और पढ़ें

भदोही विधायक जाहिद बेग के साढ़े चार साल: विकास कार्य, चुनौतियां और जनता की राय।

भदोही विधायक जाहिद बेग के साढ़े चार साल: विकास कार्य, चुनौतियां और जनता की राय।

HighLights

  1. विधायक जाहिद बेग ने साढ़े चार साल का रिपोर्ट कार्ड दिया।

  2. विधायक निधि से 20 करोड़ के विकास कार्य कराए गए।

  3. विपक्षी विधायक होने के कारण बड़ी परियोजनाओं में बाधाएं।

जागरण संवाददाता, भदोही। सदर भदाेही विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़े जाहिद बेग ने भाजपा प्रत्याशी रवींद्रनाथ त्रिपाठी को कांटे की टक्कर में हराकर जीत हासिल की। सत्ता पक्ष के प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव जीतकर मैदान में तमाम वादों को पूरा करने के लिए उतरे सपा विधायक का उन्हें पूरा करने के लिए संघर्ष दिख रहा है।

विधानसभा क्षेत्र में अपनी निधि से तो खूब काम किए पर तमाम कार्य शासन से की गई मांग के बाद भी नहीं हो सके। हालांकि सरकार की ओर से तमाम बड़ी परियोजना भदोही विधानसभा क्षेत्र में जमीन पर उतरीं। केंद्रीय विद्यालय का निर्माण हो या राजकीय पालीटेक्निक का कार्य। वाराणसी मछली शहर हाईवे हो या विंध्य एक्सप्रेस वे, यह सभी कार्य भदोही विधानसभा क्षेत्र में हुआ।

विधायकी के कार्यकाल को साढ़े चार साल बीत गया है तमाम ऐसे कार्य रह गए हैं जिनके लिए संघर्ष कर रहे हैं। 2023 में घर में नौकरानी को आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे मामले में फंसे और जेल भी गए। इस घटना में इनका पूरा परिवार फंस गया था लेकिन न्यायालय से उन्हें व परिवार को कुछ राहत मिल गई है।

जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की जनता की तमाम अपेक्षाएं हैं, इससे विधायक कार्य क्षेत्र में अनवरत बने रहने का प्रयास कर रहे हैं। विधायक के प्रयास से क्षेत्र में मोरवा नदी पर चार पुलों का निर्माण चल रहा है तो 73 सड़कों का इंटरलाकिंग, डामरयुुुक्त सडकों का कार्य कराया गया।नगर पालिका भदोही क्षेत्र में पं. दीनदयाल योजना के तहत तीन सड़कों की मरम्मत, नव निर्माण कराया।

विधानसभा क्षेत्र में सौ बेड का मातृ शिशु विंग, भदाेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजकीय पालीटेक्निक, बनकर तैयार है पर यह चालू नहीं हो सका। इसके संचालन को विधायक ने खूब प्रयास किया लेकिन विभागीय टीम सर्वे तक सीमित होकर रह गई। देखा जाय तो विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति में तो सुधार हुआ है लेकिन अन्य क्षेत्राें में खास कार्य नहीं हो सके।

हालांकि जनता के बीच विधायक के सादगीपूर्ण रहने और जनता को खूब समय देने पर लोग इन्हें सबसे सरल विधायक का खिताब भी देती है। विधायक निधि से क्षेत्र में लगभग 20 करोड़ के कार्य कराए गए हैं। आगामी कार्ययोजना के तहत तीन करोड़ रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण, एक करोड़ से सोलर लाइटें, न्याय पंचायत स्तर पर ओपन जिम, नाला बनवाने का प्रस्ताव है। डा. श्यामा प्रसाद मुुखर्जी राजकीय महाविद्यालय में विज्ञान संकाय की मान्यता दिलाना, मातृ शिशु विंग का संचालन कराना और भदोही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनवाने को प्रयास करना।

बोले व‍िधायक

भदोही विधानसभा क्षेत्र के विधायक ने विधायक निधि से कराए गए विकास कार्यों का ब्योरा जारी करते हुए कहा कि गांवों में मूलभूत समस्याओं को दूर करने का पूरा प्रयास किया गया है। सड़क की समस्या हो या पेयजल की, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। कहा कि विपक्ष का विधायक होने के नाते उनके क्षेत्र में बड़ी परियोेजनाओं पर काम नहीं हो रहा है।

क्षेत्र के विकास को हर विधायक को सरकार ने पांच-पांच करोड़ रुपये दिए लेकिन विपक्ष का विधायक होने के नाते उन्हें एक करोड़ ही मिला। क्षेत्र के विकास को लेकर कई सवाल सदन में उठाए लेकिन सरकार की ओर से कोई अमल नहीं हुआ। उनकी निधि से जो कार्य होने चाहिए प्राथमिकता से कराया है। जनता के कार्यों को कराना, उनकी आवाज बनकर सदैव उनके साथ खड़ा रहा और भेदभाव से ऊपर उठकर क्षेत्र का विकास कर रहा हूं। - जाहिद बेग, सपा विधायक भदोही

बोले रनर

विधायक के कार्य से पूरी तरह से असंतुष्ट हूं। इस कार्यकाल में क्षेत्र 10 वर्ष पीछे चला गया। सड़कों, सोलर, स्ट्रीट लाइटों के कार्य में जमकर घोटाला किया गया है। भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है। जनता को परेशान करने का काम किया गया है। आमजन के बीच रहने से कुछ नहीं होता क्षेत्र में काम दिखना चाहिए।निधि कहां-कहां खर्च हुई है, इसकी जांच होनी चाहिए। विधायक का न तो कोई कार्यालय है न ही अब तक कोई प्रतिनिधि बना है। पांच साल तक इन्होंने क्षेत्र में क्या-क्या कार्य किए हैं न जनता को न इन्हें इसका पता है।
रवींद्र त्रिपाठी, रनरअप, भाजपा

बोली जनता

जनता की समस्या न सिर्फ सुनते हैं बल्कि समझते भी हैं। विधानसभा में अपने क्षेत्र की समस्याओं को दमदारी के साथ रखते हैं। इस कार्यकाल में भले ही कोई बडी उपलब्धि नहीं मिल सकी, पिछले कार्यकाल से उन्होंने काफी कार्य कराए हैं। वाराणसी-मछलीशहर हाईवे के लिए विधायक सक्रिय हैं। -श्यामजी सेठ, चौरी बाजार

भदोही विस क्षेत्र में कार्य तो कराए जा रहे पर जनता की अपेक्षा के अनुरूप कुछ नहीं हो रहा। भदोही नगर में जाम की समस्या है इसके समाधान के प्रयास की जरूरत है। गजिया, इंदिरा मिल पर ओवरब्रिज का निर्माण हुआ उसी तरह पकरी फाटक पर ओवरब्रिज की जरूरत है।-उमाशंकर पाल, याकूबपुर

राह चलते भदोही विधायक को रोककर कोई भी अपनी बात कह लेता है। उनकी उपलब्धता बनी रहती है। लोगों के दुख सुख में भागीदारी करते हैं। पिछले कार्यकाल की तुलना में इस बार काम कम हुआ है। मातृ शिशु विंग अस्पताल का संचालन शुरू होना चाहिए, लेकिन शोपीस बना है।-पारसनाथ यादव, फत्तूपुर

विपक्षी दल का विधायक होने के बावजूद विधान सभा में क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाया। उनके प्रयास से कई समस्याओं का समाधान भी हुआ। सुरियावां, चौरी, दुर्गागंज सहित क्षेत्र में उन्होंने विकास कार्य कराए हैं। जनता के बीच आसानी के साथ उपलब्धता भी उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है।-कामिल अंसारी, नईबाजार

--------------------

भदोही विधानसभा

- कुल मतदाता : 3 लाख 95 हजार 243

- पुरुष मतदाता: 2 लाख 14 हजार 149

- महिला मतदाता: 1 लाख 81 हजार 094