भदोही में महिला का अस्पताल के गेट पर हुआ था प्रसव, लगाए थे गंभीर आरोप, डिप्टी सीएम ने की कड़ी कार्रवाई
भदोही के जिला अस्पताल गेट पर प्रसव मामले में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने संज्ञान लिया है। जांच के बाद ...और पढ़ें

भदोही अस्पताल गेट पर प्रसव: डिप्टी सीएम की कड़ी कार्रवाई, 5 अधिकारी-कर्मचारी पर गिरी गाज।
HighLights
भदोही अस्पताल गेट पर महिला के प्रसव का मामला।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मामले का संज्ञान लिया।
जांच के बाद पांच अधिकारी-कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, भदोही/लखनऊ। ज्ञानपुर महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय में एक महिला के अस्पताल के गेट पर प्रसव के मामले को लेकर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। इस मामले में जांच के बाद सीएमएस सहित पांच अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है।
भदोही के जोरई निवासी सुनील की पत्नी रानी देवी (20) को 29 सितंबर को प्रसव पीड़ा हुई। सुनील ने अपनी पत्नी को जिला अस्पताल लाया, जहां आरोप है कि लेबर रूम में तैनात स्टाफ नर्स ने महिला को प्राथमिक उपचार देने के बजाय उसे रेफर कर दिया। नतीजतन, रानी देवी ने अस्पताल के गेट पर ही शिशु को जन्म दिया।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने इस घटना को गंभीरता से लिया और भदोही के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को एक टीम गठित कर मामले की जांच के निर्देश दिए। जांच में इमरजेंसी में तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज कुमार की लापरवाही सामने आई। उन पर प्रसव पीड़ित महिला की प्राथमिक जांच और उपचार न करने का आरोप है, जिसके चलते उनकी सेवा समाप्ति की कार्रवाई शुरू की गई है।
इसके अलावा, स्टाफ नर्स नीलम मौर्या को मरीज की जांच के बाद एम्बुलेंस में बैठाने की प्रक्रिया में लापरवाही के लिए निलंबित किया गया है। स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश प्रजापति का वेतन सितंबर 2026 तक अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके तिवारी के खिलाफ प्रशासनिक लापरवाही के लिए विभागीय कार्रवाई की शासन से संस्तुति की गई है। इसी तरह, स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. नीलिमा धवन के खिलाफ 28 सितंबर को ड्यूटी में लापरवाही के मामले में विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेजी गई है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस तरह की घटनाएं स्वास्थ्य विभाग की छवि को धूमिल कर रही हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि मरीजों को समुचित इलाज मुहैया कराया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
