झारखंड व उड़ीसा के 288 प्रवासियों को भेजा घर
भदोही में जगह जगह फंसे झारखंड निवासी 170 बुनकरों व शेल्टर होम में क्वारंटीन 7
जासं, ज्ञानपुर : जनपद में शेल्टर होम में क्वारंटाइन व फंसे झारखंड व उड़ीसा के 288 प्रवासियों को जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को घर भेजा गया। दस बसों से भेजे गए प्रवासियों में घर पहुंचने की बेताबी तो उत्साह भी देखा गया। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर लॉकडाउन के दौरान अन्य प्रांतों से ट्रक, पैदल व अन्य माध्यमों से लोग घरों की ओर चल दिए थे। जिले में ऐसे लोगों को रोककर शेल्टर होम में क्वारंटाइन कर दिया गया। नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोग लॉकडाउन में फंस गए थे। रोजगार बंद होने से यहां उनके सामने भोजन का भी संकट था। शासन से अनुमति मिलने के बाद जिला प्रशासन की ओर से करीब 40 दिन बाद भदोही तहसील के शेल्टर होम में क्वारंटीन व फंसे 156 लोगों को पांच बसों से घर भेजा गया। जिसमें भदोही शेल्टर होम में 35 क्वारंटाइन व 121 लॉकडाउन में फंसे मजदूर शामिल हैं। एसडीएम आशीष मिश्रा ने बताया कि झारखंड के डीएम गढ़वा को जानकारी दे दी गई है। तहसीलदार देवेंद्र यादव ने बताया कि ज्ञानपुर तहसील के शेल्टर होम में 62 व ग्रामीण क्षेत्रों में फंसे 20 झारखंड के और उड़ीसा 14 प्रवासियों समेत कुल 96 लोगों को पांच बसों से भेजा गया। औराई उप जिलाधिकारी चन्द्रशेखर के अनुसार तहसील क्षेत्र से 36 प्रवासियों को उनके घर भेजा गया। प्रस्थान के पहले सभी लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद शासन की ओर से निर्धारित राशन सामग्री की किट देकर रवाना किया गया।