बस्ती पहुंची कैंपस टू-कम्युनिटी’ यात्रा, डॉ. निखिल यादव ने युवाओं से संवाद कर राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
स्वामी विवेकानंद की 125वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में 'विवेकानंद 125 : कैंपस टू कम्युनिटी’ यात्रा तीन दिवसीय प्रवास पर बस्ती पहुंची, जहाँ डॉ. निखिल यादव ने युवाओं से संवाद किया।

HighLights
'विवेकानंद 125 : कैंपस टू कम्युनिटी’ यात्रा बस्ती पहुंची।
डॉ. निखिल यादव ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण हेतु प्रेरित किया।
स्वामी विवेकानंद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया गया।
जागरण संवाददाता, बस्ती। स्वामी विवेकानंद की 125वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में चल रही ‘विवेकानंद 125 : कैंपस टू कम्युनिटी’ यात्रा तीन दिवसीय प्रवास पर रविवार को बस्ती पहुंची। यात्रा के दौरान शिक्षण संस्थानों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं और लोगों से संवाद कर स्वामी विवेकानंद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कलवारी स्थित जीएसपी स्कूल में यात्रा का स्वागत किया गया। यहां डा. निखिल यादव ने विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर चर्चा करते हुए युवाओं को चरित्र निर्माण, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में अपनाने का किया आह्वान
उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। इसके बाद ग्रीन वैली अकादमी में कार्यक्रम हुआ। विद्यार्थियों, शिक्षकों और युवाओं के साथ संवाद में स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचार और संदेश पर चर्चा की गई। युवाओं से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।
यात्रा जामडीह पांडेय गांव और छरौछा उर्फ सोखापुरवा भी पहुंची। यहां ग्रामीणों से संवाद कर उनके जीवन और सामाजिक परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों से आशीर्वाद भी लिया गया।
तीन दिवसीय प्रवास के दौरान यात्रा में शामिल लोगों ने बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर, बधानी स्थित ऋषि वशिष्ठ आश्रम और सरयू नदी के तट के निकट उमरिया गांव स्थित संत राम निहाल दास मंदिर में पहुंचकर दर्शन एवं आशीर्वाद लिया।
‘विवेकानंद 125 : कैंपस टू कम्युनिटी’ यात्रा का उद्देश्य स्वामी विवेकानंद के विचारों को शिक्षण संस्थानों तक सीमित न रखकर गांवों और जनसमुदायों तक पहुंचाना है।
