विकास कार्यो की जांच करने पहुंची टीम के सामने भिड़े दो पक्ष
जांच टीम के सदस्य जिला समाज कल्याण अधिकारी(विकास) रामशंकर यादव और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता अताउल्लाह खान गांव में पहुंचे। जांच पड़ताल के दौरान प्रधान पक्ष के दधीच सिंह उर्फ बाबू पुत्र राम बुझारत सिंह और शिकायतकर्ता अजय सिंह में कहासुनी शुरू हो गई।
बस्ती: छावनी थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में मंगलवार की शाम शिकायत पर ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यो की जांच करने पहुंची टीम के सामने ही प्रधान पक्ष के लोग और शिकायतकर्ता आमने-सामने आ गए। बात बढ़ी तो मारपीट हो गई।
रामगढ़ गांव निवासी अजय सिंह ने गांव में कराए गए विकास कार्यो में अनियमितता बरते जाने की शिकायत उच्चाधिकारियों से की थी। जांच टीम के सदस्य जिला समाज कल्याण अधिकारी(विकास) रामशंकर यादव और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता अताउल्लाह खान गांव में पहुंचे। जांच पड़ताल के दौरान प्रधान पक्ष के दधीच सिंह उर्फ बाबू पुत्र राम बुझारत सिंह और शिकायतकर्ता अजय सिंह में कहासुनी शुरू हो गई। इसी बीच दोनों पक्ष में मारपीट होने लगी। मौके पर पहुंची छावनी पुलिस को देख दोनों पक्ष भाग निकले। इसके बाद जांच टीम वापस आ गई। शिकायतकर्ता अजय सिंह ने गांव के ही आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मारने पीटने और लाइसेंसी रिवाल्वर लहराने, सोने की चेन छीनने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दिया है। दूसरे पक्ष की तरफ से शाम तक कोई तहरीर नहीं पड़ी थी।
थानाध्यक्ष हरे कृष्ण उपाध्याय ने बताया कि दोनों पक्षों के दर्जन भर लोगों को थाने पर लाया गया है। एक पक्ष की तहरीर मिल चुकी है जबकि दूसरे पक्ष की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है।