विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस्ती में बस और कार की टक्कर में दो युवकों की मौत, एक ही हालत गंभीर

Published: Sun, 19 Jul 2026 11:55 PM (GMT+05:30)

बस्ती-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-27) पर बस और कार की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई।

News Article Hero Image

HighLights

  1. बस्ती-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस-कार की भीषण टक्कर।

  2. हादसे में दो युवकों की मृत्यु, एक गंभीर घायल।

  3. घायलों को जिला अस्पताल से गोरखपुर रेफर किया गया।

संवाद सूत्र, बस्ती। बस्ती-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-27) पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। बस और कार की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

दुर्घटना शहर से सटे नगर थाना क्षेत्र के रिठिया फ्लाईओवर के पास शाम करीब पांच बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार नंबर बीआर 05 एएफ 2829 अयोध्या से बस्ती की ओर आ रही थी। इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां अयोध्या की ओर जा रही एक प्राइवेट बस से उसकी आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

सूचना मिलते ही यूपी-112, फुटहिया चौकी प्रभारी श्याम सुंदर की टीम, एनएचएआई के सुरक्षा प्रभारी अश्विनी तिवारी और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। नगर थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे तीनों घायलों को बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल भिजवाया।

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने कुंदन कुमार (40) पुत्र मधुसूदन सिंह निवासी चिंतामणिपुर बाबू टोला, थाना पिपरा, जिला पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) बिहार और पंकज कुमार (42) पुत्र राम तपस्या सिंह निवासी माधोपुर फुलवरिया, थाना केसरिया, जिला पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) बिहार को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल रितिक कुमार (38) पुत्र मोहन प्रसाद निवासी केसरिया, थाना केसरिया, जिला पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) बिहार की हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।

फुटहिया चौकी प्रभारी श्याम सुंदर ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार सवार लोग बिहार जा रहे थे। कार से केवल एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसके माध्यम से पहचान हुई है। यातायात व्यवस्था बहाल हो चुकी है।

यह भी पढ़ें- बस्ती में सरयू नदी का घटता जलस्तर बढ़ा रहा कटान का खतरा, ग्रामीणों में दहशत