एंबुलेंस की चपेट में आने से बस्ती के दो व्यक्तियों की मौत, रिश्तेदारी से लौट रहे थे बाइक सवार
गोंडा जिले में बभनान-छपिया मार्ग पर एंबुलेंस की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार बस्ती के दो व्यक्तियों की मौत हो गई। वे रिश्तेदारी से लौट रहे थे।

एंबुलेंस की चपेट में आने से बस्ती के दो व्यक्तियों की मौत।
HighLights
गोंडा में एंबुलेंस-मोटरसाइकिल की टक्कर।
बस्ती के राहुल और हरिलाल की मौत।
रिश्तेदारी से लौटते समय हुआ हादसा।
जागरण संवाददाता, बस्ती। गोंडा जिले के छपिया थाना क्षेत्र में बभनान-छपिया मार्ग पर एंबुलेंस की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों की मौत हो गई। दोनों बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के निवासी थे और रिश्तेदारी से लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवारों में मातम छा गया।
गौर थाना क्षेत्र के बरडाड़ गांव निवासी राहुल (27) पुत्र राजकुमार अपने रिश्तेदार हरिलाल (57) को मोटरसाइकिल पर बैठाकर गोंडा जिले के छपिया थाना क्षेत्र के बभनजोतिया गांव गए थे। हरिलाल मूल रूप से गौर थाना क्षेत्र के इटबहरा गांव के निवासी थे। वर्तमान में वह लखनऊ के राजेंद्र नगर स्थित बेगमखेड़ा में रहते थे।
बताया जा रहा है कि दोनों बभनजोतिया गांव से मोटरसाइकिल से बभनान की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान बभनान-छपिया मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार एंबुलेंस ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। छपिया के थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
