शिक्षक के घर से चोरों ने उड़ाया नकदी व जेवरात
ग्राहक सेवा केंद्र पर सुविधा के नाम पर गोलमाल कर खातधारकों की रकम उड़ाने का मामला सामने आया है। खाता में रकम जमा न करने से लेकर सरकारी सहायता की राशि को निकालने का भी आरोप लगाया गया है।
बस्ती: कप्तानगंज थानाक्षेत्र के फरेंदा सेंगर गांव में शुक्रवार की देर शाम चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने नकदी व जेवर उड़ा दिए।
गांव निवासी शिक्षक कमलेश कुमार सिंह अपने परिवार के साथ शुक्रवार को बंजरिया चौराहे पर एक व्यक्ति के घर ब्रह्माभोज कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर में उन्होंने ताला लगा दिया था। इसी बीच चोर दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए। एक एक कर दो कमरों को खंगाला। अन्य सामान को बिना नुकसान पहुंचाए लगभग पांच लाख रुपये कीमत के जेवरात और 35 हजार रुपये नकदी लेकर फरार हो गए। परिवार के लोग जैसे ही घर लौटे दोनों कमरों की हालत देख लोग सन्न रह गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल की बारीकी से छानबीन की और पीड़ित परिवार से चोरी गए सामान की जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है।
ग्राहक सेवा केंद्र पर गोलमाल कर लाभार्थियों की रकम उड़ाई
ग्राहक सेवा केंद्र पर सुविधा के नाम पर गोलमाल कर खातधारकों की रकम उड़ाने का मामला सामने आया है। खाता में रकम जमा न करने से लेकर सरकारी सहायता की राशि को निकालने का भी आरोप लगाया गया है। लालगंज पुलिस ने ग्राहक सेवा केंद्र से जुड़े दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन व आइटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
लालगंज थाना क्षेत्र के मेहनौना गांव की राधिका देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि उनके अलावा चार अन्य लोगों के साथ भी लालगंज बाजार स्थित ग्राहक सेवा केंद्र पर धोखाधड़ी की गई है। उनका आरोप है कि ग्राहक सेवा केंद्र चलाने वाले आरोपितों ने उनके व चार अन्य लोगों के बैंक खाते में जमा करने के लिए दी गई रकम को जमा ही नहीं किया गया। इतना ही नहीं उनके खाते में आने वाली पेंशन, मनरेगा, किसान सम्मान निधि की धनराशि को भी निकाल लिया गया। थानाध्यक्ष रोहित कुमार उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर केंद्र संचालक सदानंद निवासी काली जगदीशपुर थाना महुली संतकबीरनगर व केंद्र संचालक का रिश्तेदार नाम अज्ञात निवासी चित्राखोर थाना लालगंज बस्ती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही वे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।