अजगर ने किया किशोर पर हमला
काफी मशक्कत के बाद अजगर को बोरे में पकड़कर रखा जा सका। इसके बाद वन विभाग को इसकी सूचना दी गई।
बस्ती : लालगंज थाना अंतर्गत बखरिया ग्राम पंचायत के राजस्व ग्राम पूरनपुर में भैंस चराते समय एक किशोर पर अजगर ने हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गांव निवासी रामकुमार के 15 साल के पुत्र आशीष प्रताप पशुपतिनाथ इंटर कालेज के बगल में भैंस चरा रहे थे। किशोर मोबाइल देखते हुए खेत के मेड़ पर चल रहा था। अचानक 15 फीट लंबे अजगर ने हमला कर आशीष का पैर जकड़ लिया और अपनी ओर खींचने लगा। शोर मचाने पर ग्रामीण दौड़े और किसी तरह से अजगर के चंगुल से उसे छुड़ाया। सूचना पर लालगंज थाने के उपनिरीक्षक राजेश तिवारी व पंकज सिंह, श्याम मिश्र, अंश मिश्र, दीपचंद मिश्र, कैलाश चंद्र मिश्र व राजेश मिश्र आदि पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद अजगर को बोरे में पकड़कर रखा जा सका। इसके बाद वन विभाग को इसकी सूचना दी गई।