जहां जी में आया बना लिया टैक्सी स्टैंड
बस्ती शहर में महज छह स्थानों पर है मान्य टैक्सी स्टैंड
बस्ती: शहर में यातायात व्यवस्था की ऐसी तैसी करने में जिम्मेदार कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। शहर में दर्जन भर अवैध स्थानों पर चल रहे अवैध टैक्सी स्टैंड यातायात व्यवस्था की हवा निकाल रहे हैं। जिम्मेदार सब देखते हुए भी मौन साधे हुए हैं।
नगर पालिका द्वारा शहर में आधा दर्जन स्थानों पर ही टैक्सी स्टैंड बनाया गया है। इनमें कटरा चुंगी, कचहरी तिराहा, कचहरी चौराहा, अस्पताल चौराहा, रेलवे स्टेशन व सिविल लाइन शामिल हैं। इसके अलावा टैक्सी और टेंपो वाले जहां जी में आया वहीं टैक्सी स्टैंड बना ले रहे हैं। इन दिनों कंपनीबाग चौराहा, बड़ेवन के पास, संत गाडगे तिराहा, फौव्वारा तिराहा, नेहरू तिराहा जैसे कई स्थानों पर अवैध रूप से टैक्सी स्टैंड संचालित हो रहे हैं। इन्हें रोकने टोकने वाला कोई नहीं है। सुबह से ही इन स्थानों पर टेंपो और टैक्सी वालों का जमावड़ा शुरू हो जाता है। सड़क पर ही यह वाहन खड़ा कर सवारी भरने लगते हैं।
..........
बस्ती शहर में नगर पालिका द्वारा निर्धारित स्थानों की बजाय जहां भी अवैध रूप से टेंपो और टैक्सी वाले सवारी भरते मिलते हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाती है। उनकी गाड़ियों का चालान किया जाता है, अर्थदंड भी लगाया जाता है।
कामेश्वर सिंह, टीएसआइ बस्ती।
........
जिन स्थानों पर अवैध रूप से टैक्सी स्टैंड संचालित किए जा रहे हैं, ऐसे स्थानों को चिन्हित कर सवारी भरने वालों पर नगर पालिका कार्रवाई करने जा रही है। टैक्सी व टेंपो चालकों की मनमानी नहीं चलेगी।
अखिलेश कुमार त्रिपाठी, ईओ, नगर पालिका बस्ती।