खेल उत्सव शुरू, महोत्सव के मंच पर विनर होंगे सम्मानित
क्रिकेट बास्केटबाल बैडमिटन फुटबाल व हैंडबाल खेल शुरू - बस्ती महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रतियोगता शुरू खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
बस्ती : शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में बस्ती महोत्सव के उपलक्ष्य में पांच दिवसीय युवा खेल महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को मंडलायुक्त अनिल कुमार सागर ने शहीद सत्यवान सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
उन्होंने जीवन में खेल के पहलू को शामिल करने की सीख दी। कहा कि खेल ही एक ऐसा साधन है जो स्वास्थ्य रखने के साथ ही व्यक्ति को क्षितिज पर पहुंचा सकता है। बस्ती के होनहार खिलाड़ी देश के विभिन्न खेलों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर नाम रोशन कर रहे हैं। युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा लेना चाहिए। प्रधानमंत्री ने भी इसी उद्देश्य से खेलो इंडिया कार्यक्रम शुरू किए हैं। प्रतियोगिता में क्रिकेट, बास्केटबाल, बैडमिटन, फुटबाल व हैंडबाल खेल शामिल है। क्रिकेट में एवन व बीआइटी की टीम भिड़ी। एवन टीम विजेता रही। दूसरा मैच अमर ज्ञान कालेज व श्रीराम पब्लिक स्कूल टीम के बीच हुआ, जिसमें श्रीराम पब्लिक स्कूल टीम की जीत हुई। इसके बाद फुटबाल और हैंडबाल हुआ। विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने हैंडबाल व फुटबाल खेल का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि 28 से एक फरवरी तक महोत्सव चलेगा। मुख्य मंच पर विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। 28 फरवरी तक खेल चलेगा। संचालन क्रीड़ाधिकारी संजय शर्मा ने किया।
इस दौरान एसडीएम श्रीप्रकाश शुक्ल, उप्र. हैंडबाल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह, प्रबंधक बेगम खैर मो. अकरम, एथलेटिक्स अजय सिंह, नीलम सिंह, मनमोहन श्रीवास्तव, राष्ट्रीय खिलाड़ी हिना खातुन, सुगंध यादव, आशीष श्रीवास्तव, जितेंद्र पटेल, विमलेश ध्रुव आदि मौजूद रहे।