बस्ती में खतरे के निशान के पार पहुंची सरयू, निचले इलाकों में भरने लगा पानी
बस्ती में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है, जिससे तटीय गांवों के निचले इलाकों ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पार पहुंचा।
तटीय गांवों के निचले इलाकों में पानी भरने लगा है।
तटबंधों पर निगरानी और कटानरोधी कार्य तेज किया गया।
संवाद सूत्र, बस्ती। सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और नदी सोमवार की सुबह लाल निशान के पार पहुंच गयी। नदी का पानी बढ़ने से तटीय गांवों के निचले इलाकों में पानी भरने लगा है। नदी तटबंधों से सट कर बह रही है। केंद्रीय जल आयोग अयोध्या के जलकर्मी बलराम ने बताया कि सरयू नदी का पानी तेजी से बढ़ रहा है।
सोमवार की सायं करीब पांच बजे नदी का पानी वार्निंग लेबल 91.730 मीटर से एक मीटर से ऊपर है। वहीं खतरे के निशान 92.730 मीटर से 6 सेमी ऊपर पहुंच गया है और 92.78 रिकार्ड किया गया । जलस्तर बढ़ने से नदी तटबंधों के पास लगातार दबाव बनाये हुए हैं । विक्रमजोत के बीडी तटबंध के दुधौरा के पास बाढ़ खण्ड लगातार कटानरोधी कार्य में जुटा है।
पकड़ी संग्राम, अर्जुनपुर, अशोकपुर, लकड़ी पाण्डेय सहित गांवों के किनारे नदी का पानी पहुंच गया है। कटान के बाद अब लोगों में बाढ़ के खतरे का डर सताने लगा है। एसडीओ बाढ़ खंड बृजेश सोनी ने बताया कि नदी के जलस्तर को देखते हुए तटबंधों पर निगरानी तेज कर दी गयी है जबकि बीडी पर तीन संवेदनशील स्थानों पर कटान रोधी कार्य कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों की मानें तो एक दो दिनों में नदी का जलस्तर और बढ़ेगा।बढ़े जलस्तर के चलते विक्रमजोत क्षेत्र के एलबी व बीडी तटबंधों के आसपास इलाके में पानी भरने लगा है।
यह भी पढ़ें- बस्ती में IPS अधिकारी के पिता की हत्या मामले में सजा, नौ दोषियों को 10 साल की जेल
