राहगीरों के लिए मुसीबत बनी गड्ढे में तब्दील सड़क
गोंडा से बस्ती व फैजाबाद जाने का है प्रमुख मार्ग
बस्ती: सिकंदरपुर-मसकनवा मार्ग गड्ढे में तब्दील हो गया है। इधर से गुजरने वाले राहगीरों को मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक दशक से इस सड़क की मरम्मत नहीं की गई है। नंदनगर, चौरी, हरिगांव, सुंदर नगर, चांदनी चौक जैसे प्रमुख बाजार इस मार्ग पर हैं। जहां स्थानीय लोगों का आना जाना लगा रहता है। यही वजह है कि इस मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक रहता है। इस मार्ग पर दो दर्जन से अधिक सरकारी व गैर सरकारी स्कूल हैं। जिनमें पढ़ने वाले छात्रों को आवागमन के समय मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा पड़ोसी जिले गोंडा के मसकनवा गौरा चौकी के लोग भी इसी मार्ग से बस्ती व फैजाबाद जनपद आते-जाते हैं। वर्तमान समय में चौरी बाजार में सड़क की हालत यह है कि पता ही नहीं चलता है कि बाजार में सड़क भी है। बरसात के मौसम में तो यह सड़क तालाब नजर आती है। सूखे के दिनों में भी कीचड़ देखा जा सकता है। विशुनपुरवा-हनुमानगंज मार्ग के रतनपुरवा के पास आधी सड़क पर गिट्टी गिराकर छोड़ दिया गया है। जिस वजह से आवागम में परेशानी हो रही है। प्रशासन का ध्यान इस ओर नहीं है। सुबह के समय स्कूल वालों का तांता लगा रहता है। दर्जनों विद्यालयों के वाहन गुजरते हैं। गिट्टी की वजह से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। दो दिन पूर्व इसी में फिसल कर समाचार पत्र विक्रेता श्याम लाल चोटहिल हो गए थे। दीपक, सूरज, रामजी, पारसनाथ, दिनेश,दयाराम, गनेश,नकुल चौधरी, विक्रम का कहना है कि जिम्मेदारों ने गिट्टी गिराने के बाद इधर पलट कर देखा भी नहीं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप