45 गांव बाढ़ की चपेट में,बांटी जा रही राहत सामग्री
बाढ़ प्रभावित गांवों में 72 नाव लगी हैं।
बस्ती: बस्ती जिले में बाढ़ से सदर और हर्रैया तहसीलों के 45 गांवों की 11126 आबादी प्रभावित हैं। बाढ़ से 20 गांव मैरुंड है। अपर जिलाधिकारी रमेश चंद्र ने बताया बाढ़ प्रभावितों की सहायता के लिए कुल 24 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं जबकि 17 राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं। बस्ती में कुआनो नदी का जलस्तर 82.641 मीटर तथा अयोध्या में सरयू का जलस्तर 92.230 मीटर है, जो खतरे के निशान से नीचे है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश ने बाढ़ प्रभावित दुबौलिया ब्लाक के दर्जनों गांवों के बाढ़ पीड़ितों को शुक्रवार को राहत सामग्री दी। प्राथमिक विद्यालय दुबौलिया प्रथम में आयोजित कार्यक्रम में सरयू नदी के पानी से घिरे गांव देवारागंगबरार, टेढवा एंव आराजी डूही, धर्मूपुर, एहतमाली के करीब 140 परिवारों को कोरोना का ख्याल रखते हुए राहत सामग्री का किट सौंपा गया। इस दौरान नायब तहसीलदार डा. निखलेश कुमार, प्रधान अनिल सिंह, शैलेंद्र सिंह, रामजीत यादव, शोभाराम राजभर, पिटू सिंह उदय राज, अजय कुमार आदि मौजूद रहे।