भाजपा कार्यालय पर क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बुलाई बैठक, पार्टी प्रत्याशी के विरुद्ध प्रचार के मुद्दे पर हुई झड़प
पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप-प्रत्यारोप लगते ही भाजपा के दो वरिष्ठ नेता आमने-सामने आ गए। पार्टी कार्यालय पर बीते गुरुवार को हुई बैठक के बाद मामला ने तूल पकड़ लिया। क्षेत्रीय अध्यक्ष के सामने पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल और जिला उपाध्यक्ष रवि सिंह के बीच हाथापाई।
जासं, बस्ती : पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप-प्रत्यारोप लगते ही भाजपा के दो वरिष्ठ नेता आमने-सामने आ गए। पार्टी कार्यालय पर बीते गुरुवार को हुई बैठक के बाद मामला ने तूल पकड़ लिया और क्षेत्रीय अध्यक्ष के सामने पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल और जिला उपाध्यक्ष रवि सिंह के बीच हाथापाई हो गई।
भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल की अध्यक्षता में नगर निकाय प्रत्याशी, संयोजक और जनप्रतिनिधियों की बैठक बुलाई गई थी।
इसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय और जनपद प्रभारी मंत्री राकेश सचान उपस्थित थे।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष यशकांत सिंह ने जिला उपाध्यक्ष पर रुधौली में पार्टी प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव प्रचार करने का मुद्दा उठाया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने इस बारे में सफाई मांगी तो पूर्व विधायक भी सामने आ गए। बैठक का विषय दूसरी दिशा में जाता देख क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बैठक के बाद इस मुद्दे पर अलग से बात करने को कहा। इसके बाद सब लोग शांत हो गए और नगर निकायवार प्रत्याशियों से चुनावी रणनीति और माहौल लेकर बात हुई।
बैठक कक्ष से निकलने के बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में आरोपित जिला उपाध्यक्ष से स्पष्टीकरण तलब किया। इस बीच पूर्व विधायक भी वहां पहुंच गए। यहां भी दोनों के बीच आरोप प्रत्यारोप होने लगा। तीखी नोंकझोक देख कई लोग पहुंच गए और शांत कराने की कोशिश की, लेकिन बात बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
आरोप लगाया गया तो मैंने इसे चैलेंज किया :
जिला उपाध्यक्ष भाजपा, रवि सिंह ने बताया कि बैठक में मेरे ऊपर पार्टी विरोधी कार्य करने का आरोप लगाया गया तो मैंने इसे चैलेंज किया। रवि ने कहा कि मैं इसके लिए जांच को तैयार हूं।
अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव प्रचार करने का आरोप :
पूर्व विधायक, संजय प्रताप जायसवाल ने बताया मीटिंग के दौरान रुधौली से पार्टी के संयोजक यशकांत सिंह ने जिला उपाध्यक्ष रवि सिंह पर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव प्रचार करने का आरोप लगाया था। इससे पहले विधानसभा के चुनाव में भी वो पार्टी के खिलाफ चुनाव में प्रचार किए थे।