न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया वाहन चोरी का मुकदमा
वाल्टरगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बस्ती: हर्रैया व वाल्टरगंज पुलिस ने वाहन चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। परशुरामपुर थाने के गोपीनाथपुर निवासी राम सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि एक अज्ञात बाइक चालक ने हर्रैया के नहरा पुलिया के पास उन्हें लापरवाही से ठोकर मार दिया। इससे वह बाइक समेत गिर गए। इस बीच उनकी बाइक को दूसरी बाइक पर सवार दो युवक लेकर भाग गए। न्यायालय के आदेश पर हर्रैया पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं वाल्टरगंज थाने पर कोतवाली के भुअर निरंजनपुर निवासी रामआशीष ने तहरीर देकर बताया है कि मूड़घाट पुल के पास से 28 नवंबर को खड़ी उनकी बाइक चोरी हो गई। वाल्टरगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। दहेज उत्पीड़न में पति समेत पांच पर मुकदमा
बस्ती: महिला थाना पुलिस ने दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने के आरोप में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मुंडेरवा थानाक्षेत्र के नरियाव की रहने वाली पीड़िता सुनीता जायसवाल पत्नी मनोज जायसवाल ने तहरीर में आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने दहेज में 25 ग्राम की सोने की चेन, दस ग्राम की अंगूठी, बाइक व डेढ़ लाख रुपये नकद की मांग कर रहे है। कम दहेज लाने का ताना देकर मारते पीटते है। धमकी देकर प्रताड़ित भी किया जाता है। महिला थाने की पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, ससुर रामफेर, सास फूला, ननद मुनीता व लड़के के मामा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी के आदेश पर दर्ज हुआ छेड़खानी का मुकदमा
बस्ती: एसपी आशीष श्रीवास्तव के आदेश पर सोनहा पुलिस ने घर में घुसकर छेड़खानी व मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सोनहा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि सात अक्टूबर को घरेलू विवाद के चलते जेठ ने मारापीटा था। इसमें मुकदमा भी दर्ज हुआ था। इसी रंजिश के चलते 15 नवंबर को आरोपी जेठ के चाचा की घर की महिलाएं झगड़ा करने लगीं। यह देख वह घर चली गई। आरोप है कि इसके बाद गांव के श्याम सुंदर,राम ललित सहित अन्य ने घर में घुसकर मारापीटा। दरवाजा तोड़ दिया और खींचते हुए धान के खेत में ले गए और छेड़खानी की। प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्र ने बताया कि पीड़िता के तहरीर पर आरोपी श्याम सुंदर, रामललित व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।