बैठकों में भी प्लास्टिक व थर्माकोल की सामाग्री प्रतिबंधित
सरकार प्लास्टिक उत्पादों को लेकर गंभीर होती जा रही है। पहले दुकानों पर पॉलीथिन व प्लास्टिक के उत्पादों के प्रयोग पर प्रतिबंध लगाया और अब सरकारी बैठकों में भी इनके प्रयोग पर रोक लगा दी है।
बस्ती: सरकार प्लास्टिक उत्पादों को लेकर गंभीर होती जा रही है। पहले दुकानों पर पॉलीथिन व प्लास्टिक के उत्पादों के प्रयोग पर प्रतिबंध लगाया और अब सरकारी बैठकों में भी इनके प्रयोग पर रोक लगा दी है।
सरकारी बैठकों में प्लास्टिक व थर्माकोल से बनी सामग्री के प्रयोग पर रोक लगा दी गई है। अब बैठकों के दौरान जलपान और खानपान से जुड़ी सामग्री भी नहीं परोसी जाएगी। मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने इस संबंध में शासन के सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों व सचिवों के साथ ही सभी जिलाधिकारियों व मंडलायुक्तों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी अरविद कुमार पांडेय ने भी सभी कार्यालयाध्यक्षों को पत्र भेजकर कहा है कि प्लास्टिक अपशिष्ट से जहां एक ओर पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है वहीं जन स्वास्थ्य व पशुओं के लिए भी यह अत्यंत घातक है। शासन ने प्लास्टिक व थर्माकोल के उत्पादन व प्रयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके अतिरिक्त यह भी निर्देश दिया गया है कि जिले में होने वाली समस्त बैठकों में पॉलीथिन, थर्माकोल या इनसे संबंधित सामग्री से बने किसी प्रकार के प्लेट, गिलास, चम्मच आदि का प्रयोग न किया जाए। अपरिहार्य स्थितियों को छोड़कर प्लास्टिक की बोतल व गिलास का प्रयोग भी नहीं किया जाए। इसके स्थान पर स्टील व कांच का गिलास प्रयोग किया जाए। सीडीओ ने कहा है कि बैठक के दौरान जलपान व खानपान नहीं परोसा जाएगा।