नवनिर्मित रिपोर्टिंग महिला पुलिस चौकी का शुभारंभ
महिला हेल्पलाइन व सुरक्षा के बारे में जानकारी देकर छात्राओं को जागरूक किया गया।
जागरण संवाददाता हर्रैया, बस्ती : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सोमवार को हर्रैया में नवनिर्मित रिपोर्टिग महिला चौकी का शुभारंभ प्राथमिक विद्यालय हर्रैया की प्रधानाध्यापिका मीरा चौधरी ने किया।
क्षेत्राधिकारी शेषमणि उपाध्याय ने कहा कि रिपोर्टिंग महिला चौकी स्थापित होने से क्षेत्र की पीड़ित महिलाओं को अब त्वरित न्याय मिल सकेगा। महिलाएं अपनी कोई भी शिकायत, समस्या यहां पर दर्ज करा सकती हैं। महिला हेल्पलाइन व सुरक्षा के बारे में जानकारी देकर छात्राओं को जागरूक किया गया। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक हर्रैया विकास यादव, महिला थाने की प्रभारी निरीक्षक शीला यादव, ममता त्रिपाठी, सौम्या, दिव्या चौधरी, पूजा गुप्ता, सरोज, सिधू, के साथ ही गजाधर सिंह अंगद सिंह इंटर कालेज व कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राएं व अध्यापिकाएं मौजूद रहीं। चौकी पर आई पहली पीड़ित महिला थाना क्षेत्र के खम्हरिया गंगाराम गांव की मंजू देवी ने पुलिस चौकी पर तहरीर देकर बताया कि उनकी जेठानी गुड़िया देवी पत्नी चंद्रप्रकाश ने शनिवार की शाम छह बजे गुस्सा होकर उन्हें तथा सास शांति देवी को मारापीटा। घर से उनका सामान निकाल कर बाहर फेंक दिया। ससुर रमेश को भी जान माल की धमकी दी। पीड़िता ने मामले में कार्रवाई का अनुरोध किया है। नाटक के जरिये छात्राओं ने दिया नारी सशक्तीकरण का संदेश
जागरण संवाददाता, बभनान, बस्ती : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट बस्ती के तत्वावधान में सोमवार को आचार्य नरेंद्र देव महाविद्यालय बभनान में जनजागरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने उपस्थित छात्राओं को जागरूक किया। छात्राओं ने नाटक के जरिये नारी सशक्तीकरण का संदेश भी दिया।
महिला सशक्तीकरण और आरपीएफ के पायलट प्रोजेक्ट (मेरी सहेली) विषय पर आयोजित कार्यक्रम में एक हजार से अधिक छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्राओं ने नारी और बालिकाओं के वर्तमान दशा पर व्याख्यान दिया। राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक डा. सर्वेष्ट मिश्रा ने विचार रखे। डा. एसके पांडेय, डा. अखिलेश्वर शुक्ल, डा. स्मिता ने छात्राओं को संबोधित किया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव ने बताया कि सेमीनार में महिला सशक्तीकरण, जेंडर भेदभावपूर्ण एवं कानूनी प्रावधान, यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं किसी अन्य सहायता के लिए रेलवे की एकीकृत हेल्पलाइन नंबर 139, यात्रा के दौरान जहरखुरानी से बचाव के लिए जरूरी उपाय एवं यात्रा के दौरान रेल नियमों और कानूनों की जानकारी दी गई। छात्राओं को जागरूकता के पंपलेट बांटे। सक्रिय सहयोग देने वाले वक्ताओं और छात्राओं अनुपम पांडेय, बबिता शर्मा, जूही वर्मा, सौम्या जायसवाल, अपराजिता मिश्रा, प्रतिमा शाह, सना बानो, ब्यूटी तिवारी, सोनिया गुप्ता, रिया गुप्ता को आरपीएफ ने प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान बभनान आरपीएफ चौकी इंचार्ज भीमसेन सिंह मौजूद रहे।