सांसद खेल महाकुंभ: समापन समारोह में गरजे केशव प्रसाद मौर्य, कहा- पहले परिवार व जाति देखकर दिए जाते थे अवार्ड
Basti News प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बस्ती में सांसद खेल महाकुंभ के समापन समारोह भाग लेने पहुंचे थे। इस दौरान उप-मुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि पहले पद्म विभूषण पद्म श्री जैसे अवार्ड परिवार जाति व राज्य या कोई एक पार्टी देखकर दिए जाते थे।
जागरण संवाददाता, बस्ती: प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बस्ती में सांसद खेल महाकुंभ के समापन समारोह भाग लेने पहुंचे थे। इस दौरान उप-मुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि पहले पद्म विभूषण, पद्म श्री जैसे अवार्ड परिवार, जाति व राज्य या कोई एक पार्टी देखकर दिए जाते थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास की अवधारणा के तहत अब सबको सम्मान मिल रहा है।
भारत ने दुनिया में दिखाई अपनी ताकत
उन्होंने आगे कहा कि आज भारत ने दुनिया में अपनी ताकत दिखाई है। रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध में तिरंगा लेकर जो भी भारत आना चाहता था तो दोनो देशो को युद्ध विराम करना पड़ता था। ऐसा जनता के आशीर्वाद से ही संभव हो सका है। इस दौरान ये भी कहा कि भारत को दुनिया के ताकतवर देशो के समूह जी-20 का अध्यक्ष बनाया गया है। यह विश्व के 20 महत्वपूर्ण देशो का संगठन है, जिनकी आबादी 60 प्रतिशत है, जिनकी अर्थव्यवस्था 85 प्रतिशत है। इसकी चार बैठकें उत्तर प्रदेश में भी होनी है। कहा कि आज दुनिया के अंदर भारत की प्रतिष्ठा बढी है।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा- अब देश भ्रष्टाचार, आतंकवाद मुक्त भारत है
उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जम्मू कश्मीर की चर्चा करते हुए कहा कि देश के एक राज्य जम्मू कश्मीर में तिरंगा फहराने के लिए यात्रा तक निकालनी पड़ती थी। आज हर गांव गली में हर घर में तिरंगा फहराया जा रहा है। सवाल करते हुए कहा कि यदि देश के प्रधानमंत्री के रूप में जनता ने मोदी जी को अवसर नहीं दिया होता तो भगवान राम की जन्म भूमि पर भव्य मंदिर, जो राष्ट्र मंदिर भी है का निर्माण हो रहा होता क्या। सांसद हरीश द्विवेदी की तारीफ करते हुए कहा कि बस्ती बड़ी हस्ती है यह उन्होंने रिंग रोड पास कराकर भी साबित कर दिया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अब देश भ्रष्टाचार मुक्त, आतंकवाद व नक्सलवाद मुक्त भारत है। गरीबी से मुक्ति ओर भी भारत बढ रहा है।