विधायक ने देखा निर्माणाधीन पुल,खामियों पर जताई नाराजगी
नाव से नदी कर कैंप आफिस पहुंचे विधायकलटका मिला ताला
जागरण संवाददाता, कुदरहा, बस्ती: महादेवा विधायक रवि सोनकर ने विकास क्षेत्र के सेल्हरा घाट पर निर्माणाधीन पुल का औचक निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत की थी। मौके पर खामियां देख विधायक बिफर पड़े। सहायक अभियंता से निर्माण कार्य बंद कर निर्माण सामग्री का सैंपल डीएम के पास भेजने को कहा।
कहा कि उनके अथक प्रयास के बाद नौ करोड़ 54 लाख 72 हजार रुपये की यह परियोजना स्वीकृति हुई है। इसके निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने राज्य सेतु निगम विभाग के एमडी को दूरभाष के माध्यम से निर्माण कार्य में अनियमितता से अवगत कराया। विधायक नाव से नदी पार कर विभाग के कैंप कार्यालय पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। घंटों इंतजार के बाद भी ताला नहीं खुलने पर उन्होंने अवर अभियंता अशोक कुमार पर नाराजगी जताई। कहा कि जब तक जांच नहीं होगी तब तक निर्माण कार्य ठप रहेगा।
15.69 लाख के बकाये में 73 की कटी बिजली बस्ती : बिजली बिल बकायेदारों के खिलाफ विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई जारी है। बुधवार को शहर में 15.69 लाख के बकायेदारी में 73 की बिजली काट दी गई।
एक्सईएन प्रथम संतोष कुमार की अगुवाई में एसडीओ प्रथम राम इकबाल प्रसाद के नेतृत्व में जेई अभिषेक ओझा, जेई अभिषेक कुमार ने 42 लोगों की बिजली 7.69 लाख के बकाए में काटी। पांच लाख राजस्व वसूले। इसके अलावा एसडीओ अमहट मनोज यादव के नेतृतव में जेई आशुतोष लाहिड़ी, जेई जितेंद्र मौर्य, जेई बड़ेवन विजय सिंह कुशवाहा ने आठ लाख के बकायेदारी में 31 लोगों की बिजली काटी। 5.50 लाख रुपये राजस्व वसूले।