आसमान से बरस रही आग
गर्मी ने अख्तियार किया प्रचंड रूप झुलस रहा बदन
जागरण संवाददाता, बस्ती : जरा संभलिए! कोरोना कहर के बीच गर्मी ने भी प्रचंड रूप अख्तियार कर लिया है। सूर्य की सुर्ख किरणें आसमान से आग बनकर बरस रही है। दिन चढ़ते ही पारा बढ़ जा रहा है। बाहर बदन झुलसाने वाली गर्मी है। लू के थपेड़ों ने मौसम को और कठोर बना दिया है। सुबह आठ बजे के बाद से ही मौसम बदल जा रहा है।
सप्ताह भीतर ही मौसम ने यू टर्न ले लिया है। काम निपटाने के लिए लोग गमछा, रुमाल से चेहरों को ढककर निकल रहे हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 45 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा।
पंखा-कूलर की मांग बढ़ी
गर्मी से बचने के लिए इलेक्ट्रानिक संसाधनों की उपयोगिता बढ़ गई है। एसी, कूलर, पंखे दिन रात चल रहे हैं। शहरी क्षेत्र में लोग गर्मी से बेहाल नजर आ रहे हैं। सुबह-शाम भी लोग पसीने से भीगे हुए हैं। रात में उमस हो रही है। बाजार में इलेक्ट्रानिक संसाधनों की बिक्री भी बढ़ गई है। ज्यादातर पंखे और कूलर की बिक्री है।
गांव में भी सन्नाटा
गर्मी की वजह से दोपहर होते-होते गांव में भी सन्नाटा छा जा रहा है। बेहाल जनजीवन घरों में दुबका हुआ है या बाग-बगीचे में दिख रहा है। जलाशयों की तलहटी पर पशु-पक्षियों के बीच नागरिकों की भी मौजूदगी सुबह-शाम देखने को मिल रही है। तापमान- डिग्री सेल्सियस में
अधिकतम- 45
न्यूनतम- 27