सड़क को सुरक्षित कर जलाएं होलिका
दैनिक जागरण ने यह मुहिम छेड़ी है कि होलिका पूरे उल्लास में जलाएंगे लेकिन अपनी सड़क को क्षति नहीं पहुंचाएंगे। सचमुच जागरूकता के अभाव में होलिका को सड़क में खोद कर रख दिया जाता है।
बस्ती : दैनिक जागरण ने यह मुहिम छेड़ी है कि होलिका पूरे उल्लास में जलाएंगे लेकिन अपनी सड़क को क्षति नहीं पहुंचाएंगे। सचमुच जागरूकता के अभाव में होलिका को सड़क में खोद कर रख दिया जाता है। होली के एक दिन पहले इसे आग के हवाले कर दिया जाता है। इससे हमारी सड़क क्षतिग्रस्त हो जाती है। त्योहार बीतने के बाद वहीं सड़क हमारे आवागमन को कठिन बना देती है।
जागरण ने रविवार को पृष्ठ संख्या 6 पर आओ बचाए अपनी सड़क शीर्षक से खबर प्रकाशित की तो आयोजन समितियों ने इस पर मंथन शुरू कर दिया है। लोग इस पहल की सराहना कर रहे हैं। गांधीनगर के राकेश जायसवाल कहते हैं कि यह पहल अच्छी है। इस बार तो नहीं लेकिन अगली बार सड़क पर मिट्टी डालकर उस ईंट बिछाएंगे और फिर मिट्टी रखकर होलिका जलाएंगे। रोडवेज के कन्हैया चौधरी ने कहा, अस्थाई चबूतरे पर होलिका जलाने से सड़क सुरक्षित रहेगी। यह सुझाव सभी आयोजन समितियों को मानना चाहिए। दक्षिण दरवाजा से अरविद सोनकर, दीनानाथ आदि ने कहा कि होलिका कमेटी चाहे तो खुद अस्थाई चबूतरे का निर्माण कर सकती है। इसमें ज्यादा खर्च नहीं आएगा।