जलाई गई बुराई की प्रतीक होलिका
होलिका दहन के साथ जोगीरा की मची रही धूम
बस्ती : बुराई की प्रतीक होलिका सोमवार की रात शुभ मुहुर्त में जलाई गई। पुरोहितों ने विधि विधान से पूजन अर्चन कराया। इसके बाद प्रतीकात्मक होलिका को आग के हवाले कर दिया गया। इस दौरान जोगीरा एवं होली गीतों की धूम मची रही। बुजुर्ग, जवान एक साथ होलिका का परिक्रमा करते हुए जोगीरा गा रहे थे। युवा वर्ग का उल्लास देखते बन रहा था। त्योहार के उत्साह में लोग नाचते-थिरकते रहे। बीच-बीच में देवी-देवताओं के जयकारे भी गूंजते रहे।
शाम ढलते ही होलिका दहन की तैयारियां मोहल्लों और गांवों में शुरू हो गई। आयोजन समितियां घर-घर दस्तक देकर होलिका जलाने के इंतजाम में जुट गई। लोग यथा सामर्थ्य समितियों को दान किए। युवा टोली लकड़ियों एवं पूजन सामग्रियों का इंतजाम करने के बाद होलिका स्थल पर पहुंची। इसके बाद पूजन-अर्चन कराया गया। देवी-देवताओं का आह्वान हुआ। सभी ने बीमारी एवं अन्य दैहिक कष्ट से दूर रहने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। होलिका दहन के समय जयकारे गूंजे। लोगों ने पूजन सामग्रियों के साथ शरीर पर मले गए उबटन की आहूतियां दी। इसी के बाद से बुरा न मानो होली है की गूंज करते हुए लोग होली के रंग में रंगना शुरू हो गए। होलिका स्थल पर अबीर गुलाल उड़ाए गए।
---------------
पुलिस करती रही गश्त
होलिका स्थलों पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात किए गए थे। इसके अलावा थानाध्यक्ष से लेकर पुलिस के अन्य अधिकारियों की गश्त भी होती रही। शहर के रोडवेज तिराहा, रौता चौराहा, पुलिस लाइन, बैरिहवा, रेलवे मालगोदाम के पीछे, दक्षिण दरवाजा, पिकौरा शिवगुलाम, जयपुरवा तिराहा, महरीखांवा तिराहा, महाराणा प्रताप चौक, पुराना डाकखाना, कटरा आदि जगहों पर होलिका जलाई गई। इन जगहों पर पुलिस की निगरानी रात भर हुई।