ठगे गए पुरोहित,दक्षिणा में थमा दिए नकली नोट
पुरोहित बस्ती व अयोध्या से सीतापुर अनुष्ठान करने गए थे। नए तरह की ठगी का यह मामला सोशल मीडिया में छाया रहा।
जागरण संवाददाता कुदरहा,बस्ती: पूजा पाठ और अनुष्ठान कराने वाली एक यजमान महिला ने पुरोहितों को दक्षिणा में लाखों रुपये नकली नोट थमा दिए। यह मामला सीतापुर जिले का है। पुरोहितों की टीम में बस्ती जिले के कल्याणपुर निवासी आचार्य अजय कुमार त्रिपाठी भी शामिल रहे। अधिकतर पुरोहित अयोध्या और बहराइच के रहने थे। नए तरह की ठगी का यह मामला पूरे दिन सोशल मीडिया में छाया रहा।
बस्ती के आचार्य अजय कुमार त्रिपाठी ने जागरण से बातचीत में मामले की पुष्टि की। बताया सीतापुर गए पुरोहितों की टीम में वह भी थे। बहराइच जिले के गुरुभाई आचार्य दिलीप पाठक के आग्रह पर वह सीतापुर में धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने गए थे। सभी को दो हजार रुपये प्रतिदिन दक्षिणा के तौर पर दिए जाने की बात तय हुई। बस्ती,अयोध्या व बहराइच के कुल 40 पुरोहितों का दल सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा थानाक्षेत्र में तय स्थल पर पहुंचा। मुख्य यजमान ने 11 और पुरोहितों को दूसरे जिलों से बुला रखा था। इस तरह कुल 51 विद्वान आचार्यों ने नौ दिन तक माता बंग्लामुखी के निमित्त मंत्रपाठ व अनुष्ठान किया। 11 दिन तक पूजा कराई गई। कुल मिलाकर 11 लाख 22 हजार रुपये दक्षिणा के तौर प्रदान किए गए लेकिन इसमें से अधिकतर नोट नकली निकले। मामले की जानकारी होने पर यजमान के बेटे को पकड़कर उन लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस उसे हिरासत में लेकर चली गई और उन लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर वापस भेज दिया।