खाद्य एवं रसद विभाग ने किया धान खरीद का शुभारंभ
चौथे दिन तीन किसानों से हुई 142 क्विंटल धान की खरीद
जागरण संवाददाता, बस्ती : धान खरीद अभियान के चौथे दिन सोमवार को खाद्य एवं रसद विभाग ने बोहनी की। विभाग के कुल तीन क्रय केंद्रों पर तीन किसानों से 142 क्विंटल धान की खरीद की गई। जबकि अन्य एजेंसियों ने अभी खरीद नहीं शुरू कर पाई है। हालांकि अधिकांश किसानों के यहां धान की फसल अभी तैयार नहीं हुई है।
मंडी समिति में मार्केंटिग विभाग के तीन क्रय केंद्र संचालित किए गए हैं।
बस्ती सदर क्रय केंद्र पर 70 क्विंटल , साऊंघाट केंद्र पर 40 क्विंटल एवं बस्ती सदर-दो क्रय केंद्र पर 32 क्विटल धान की खरीद की गई है। इससे विभाग का उत्साह बढ़ा है। इसके पहले इस अंचल में एक नवंबर से धान खरीद होती रही है। इस बार शासन के निर्देश पर 15 अक्टूबर से ही खरीद शुरू हो गई है। हालांकि इस क्षेत्र में उपज तैयार होने में अभी पखवारे भर की देरी है। लेकिन मार्केंटिग विभाग ने खरीद शुरू कर अन्य एजेंसियों के समक्ष नजीर पेश किया है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी गोरखनाथ ने बताया कि खरीद का शुभारंभ हो गया है। सप्ताह भर बाद तेजी आने की उम्मीद है।