रंजिश को लेकर खूनी संषर्ष,एक की मौत
कलवारी थाना क्षेत्र के धोबहट गांव का मामला
जासं. बहादुरपुर,बस्ती: लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर कलवारी थाना क्षेत्र स्थित सरयू नदी पर बने पुल के पास रविवार की सुबह भूमि विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मृतक कृषक राजेश यादव 45 वर्ष धोबहट गांव के निवासी थे। थानाध्यक्ष विन्देश्वरीमणि त्रिपाठी ने बताया इस मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
धोबहट गांव के राजेश यादव और जगदीश यादव के बीच माझा में खेत को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों पक्ष अपनी-अपनी दावेदारी करते चले आ रहे थे। चार दिन पहले की बात है एक पक्ष ने खेत में बोई गई चरी को काट लिया। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद तनाव और बढ़ गया। रविवार को राजेश अपने भाई उमेश के साथ टांडा पुल के पास सरयू नदी में नहाने गए थे। लौटते समय पुल के पास जगदीश के साथ चार-पांच लोग मिल गए। दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई,जो बढ़कर मारपीट में तब्दील हो गई। जिसमें राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। शोरगुल होने पर राजेश के बेटे अम्बिका, भाई दिनेश व योगेन्द्र भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में आधा दर्जन के घायल होने की खबर है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ राजेश को जिला अस्पताल भेज दिया,जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घायलों में उमेश, अम्बिका, दिनेश, योगेन्द्र, जगदीश व चन्द्रहास शामिल हैं।
राजेश की मौत से परिवार में कोहराम
मृतक राजेश यादव तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। छोटे भाई दिनेश व उमेश के साथ खेती-बारी कर परिवार का जिम्मा संभालते थे। राजेश की छह संतानें हैं। चार बेटे बजरंग प्रसाद 22वर्ष,अम्बिका 20 वर्ष, अरविन्द 14 वर्ष, विकास 11वर्ष व बेटी कविता 19 वर्ष और दिव्या 17 वर्ष हैं। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।