भूमि विवाद को लेकर मारपीट, पुलिस पर फेंके गए पत्थर
पत्थर लगने से एक उपनिरीक्षक व सिपाही घायल हो गए
बस्ती: मुंडेरवा थाना क्षेत्र के इटहर गांव में शुक्रवार की देर शाम जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष की ओर से फायरिग करने की भी चर्चा है। इतना ही नहीं पुलिस पर पत्थर भी फेंके गए।
वेद प्रकाश ने मुंडेरवा पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि गांव के रूदल से उनका भूमि विवाद चल रहा है। इसी को लेकर रूदल व उसके बेटे पुरुषोत्तम,बेटी संजू के अलावा प्रियंका, वीरेंद्र, उसकी पत्नी, राम सांवर, राम सिंह, विनोद कुमार,उषा देवी,राधिका व अन्य लोग लाठी डंडा लेकर उनके घर चढ़ आए। उनकी मां मेवाती देवी को मारने पीटने लगे। शोर सुनकर उनका भाई देवनाथ तथा उसकी पत्नी भी बीच-बचाव करने पहुंची तो उन पर भी हमला बोल दिया गया। पीड़ित ने डायल 112 पुलिस को भी सूचना दिया। पुलिस को देखते ही रूदल यादव और उनके सहयोगी पुलिस से भी उलझ गए। आरोप है कि पुलिस पर आरोपितों ने पत्थर भी फेंके, जिससे एक उपनिरीक्षक व सिपाही को चोटें आईं। इस दौरान गांव में काफी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में मेवाती देवी, देवनाथ, उनकी पत्नी राम मुन्नी तथा भतीजे संदीप व गुड्डू को चोटें आई हैं जिन्हें अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं उप निरीक्षक दिलीप सोनी की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में भी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है।