गांव की पगडंडियों पर दिखी लोकतंत्र के प्रति आस्था
गुलजार रहे जिले के मतदान केंद्र
बस्ती : गांव की पगडंडियों पर लोकतंत्र के प्रति ऐसी आस्था दिखी कि तेज धूप व लू के थपेड़े भी बौने साबित हुए। चहुंओर लोकतंत्र का उत्सव नजर आया।
सुबह 7 बजे से लोकसभा बस्ती सीट के लिए मतदान शुरू हुआ। मतदान केंद्र पर वोटिग शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में मतदाता कतारबद्ध हो गए। बस्ती सदर के प्राथमिक विद्यालय गौरा मतदान केंद्र पर मतदाताओं में काफी उत्साह नजर आया। यहां अलग ही फिजा दिखी। यहां महिला मतदाता शीतल और संगीता ने बताया की वह लोग हर काम छोड़ कर सबसे पहले मतदान करने आईं। कहा, ऐसे पर्व किसी त्योहार से कम नहीं होते। रुधौली क्षेत्र के मीर मझौवा में खेतों व पगडंडियों पर लोकतंत्र का नजारा दिखा। बुजुर्ग महिला मतदाता जसोदरा बोलीं धुपवा बहुत तेज लगत हय, लेकिन वोटवा देवे खातिर घरे से आइत हय। कभी-कभी तो यह मौका आवत है। वोट देकर अलग सुकून मिलता है। रुधौली के अंदेवरी मतदान केंद्र पर प्रानपती पैर से लाचार थीं, फिर भी उनका जज्बा लोकतंत्र के प्रति दिखा। बोलीं ऐसे पर्व का इंतजार रहता है, हर बार मतदान करती हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप