अवैध जैविक खाद फैक्ट्री के संचालक पर मुकदमा दर्ज
सदर तहसील के कृष्णा भगौती चौराहे पर अवैध तरीके से संचालित जैविक खाद फैक्ट्री के संचालक पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। जिला कृषि अधिकारी संजेश कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर यह कार्रवाई हुई है।
बस्ती : सदर तहसील के कृष्णा भगौती चौराहे पर अवैध तरीके से संचालित जैविक खाद फैक्ट्री के संचालक पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। जिला कृषि अधिकारी संजेश कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर यह कार्रवाई हुई है।
बीते शुक्रवार को एसडीएम सदर शिव प्रताप शुक्ल, सीओ सिटी गिरीश सिंह, जिला कृषि अधिकारी संजेश कुमार श्रीवास्तव ने गोदाम पर छापेमारी की थी। यहां माधवी सिंह मिलीं। उनकी मौजूदगी में गोदाम की जांच की गई, जिसमें ग्रीन आर्गेनिक शक्तिमान गोल्ड, डबल रोस्टेड बायोजाइन (केवल कृषि उपयोग) एवं ग्रीन आर्गेनिक किसान शक्ति जाइम बायो स्वायल इनिचर के नाम से प्राकृतिक कार्बनिक खाद (काला दानेदार) की पैकिग 10 किलोग्राम क्षमता के बाल्टी में की जा रही थी। इसके अलावा अन्य ढेर सारे सामान बरामद हुए थे। पूछताछ में कोई अभिलेख नहीं दिखा सकी थीं। पता चला कि उमेंद्र सिंह जो रुधौली चीनी मिल में कार्यरत हैं, उन्हीं की सह पर यह फैक्ट्री चल रही है। माधवी सिंह, उनके पति उमेंद्र कुमार सिंह निवासी ग्राम बड़नपुर जिला जौनपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। कोतवाल प्रभातेश कुमार ने बताया केस दर्ज कर लिया गया है।