गोबर की खाद उसर भूमि को बना देता है उपजाऊ
किसानों को गाय के गोबर से बनी खाद प्रयोग करने के दिए टिप्स
बस्ती : देसी गाय के एक ग्राम गोबर से 30 एकड़ की खेती हो सकती है। ये बातें शुक्रवार को राजकीय इंटर कालेज के बस्ती महोत्सव के मंच पर आयोजित कृषि जागरूकता गोष्ठी में मुख्य अतिथि विजेंद्र पाल सिंह ने कहीं।
उन्होंने कहा कि गो आधारित प्राकृतिक खेती अपनाने से किसान की आय दोगुनी हो सकती है। गोबर की खाद से किसानों की सभी समस्याओं का समाधान हो सकता है। देशी गाय के एक ग्राम गोबर में तीन से पांच हजार सूक्ष्म जीवाणु होते हैं। सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए केंद्र सरकार कई योजनाएं संचालित कर रही है। मधु का उत्पादन बढ़ाने के लिए हनी क्लस्टर स्थापित किया जा रहा है। 200 डिब्बों तक स्थापित होने वाले केंद्र में किसान को 90 फीसद अनुदान मिलेगा। जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने कहा कि किसानों को सही समय पर सभी कृषि निवेश उपलब्ध कराए जा रहे हैं। समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रत्येक माह तीसरे बुधवार को भी गोष्ठी होती है। संचालन जिला कृषि अधिकारी संजेश कुमार श्रीवास्तव ने किया।
इस दौरान संयुक्त विकास आयुक्त विजय श्रीवास्तव, सीडीओ सरनीत कौर ब्रोका, आत्माराम पाठक, महेश शुक्ल, पीडी आरपी सिंह, राजेश शुक्ल गुड्डू, कृष्ण चंद्र, उप निदेशक कृषि डा. संजय कुमार त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।