संगम तट पर श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर लालगंज में कुआनो-मनोरमा नदी के संगम तट पर श्रद्धालुओं ने शुक्रवार को श्रद्धा की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं ने बाबा मोक्षेश्वर नाथ शिव मंदिर में दर्शन पूजन किया।
बस्ती : चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर लालगंज में कुआनो-मनोरमा नदी के संगम तट पर श्रद्धालुओं ने शुक्रवार को श्रद्धा की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं ने बाबा मोक्षेश्वर नाथ शिव मंदिर में दर्शन पूजन किया।
पौराणिक मान्यता के अनुसार गुरुवार की शाम से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे। रात में लोगों ने लिट्टी-चोखा बना कर प्रसाद ग्रहण किया। रात्रि विश्राम के बाद तड़के स्नान शुरू हो गया। उसके बाद लोगों ने मेले में खरीदारी शुरू की। लोहे व लकड़ी के सामान से सजीं दुकानों पर लोगों ने खरीदारी की। बच्चों व महिलाओं ने मेले का आनंद लिया। लोगों ने घर गृहस्थी के सामान खरीदे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मेला समिति अध्यक्ष रामदौड़ चौधरी और लालगंज पुलिस ने काफी सक्रियता दिखाई। नदी तट पर सात दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन जगरनाथपुर निवासी दिलीप गोस्वामी और जनार्दन गोस्वामी ने किया है। श्रीराम कथा का रसपान अयोध्या से आए कथा वाचक सूर्यकांताचार्य करा रहे हैं। टिनिच संवाददाता के अनुसार कुआनो नदी बाराह क्षेत्र तट पर मेले का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने स्नान, गोदान कर पुण्य अर्जित किया। दुबौलिया संवाददाता के अनुसार पांडव नगर में मनोरमा तट पंडूल घाट पर स्नान-दान कर लोगों ने मेले का आनंद लिया। मखौड़ा धाम में दो दिवसीय मेले के पहले दिन दूरदराज से आए श्रद्धालुओं ने स्नान व रामजानकी मंदिर में दर्शन पूजन के बाद मेले का आनंद लिया। यहां जोगीरा नृत्य लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। यह नृत्य संतान के जन्म और मांगलिक कार्यों के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाता है।