अप में छठ तो डाउन ट्रेनों में दिवाली वाली भीड़
त्योहारी सीजन में ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। दिवाली अब बीत गई है। देश के अन्य शहरों में रहने वाले लोग अब रवाना होने लगे हैं। इनके सफर में ट्रेनों में नो-रूम खलल पड़ रहा है। कुछ ऐसा ही है छठ पर्व पर घर आने वाले यात्रियों के साथ। उन्हें दिल्ली-मुंबई से घर आने के लिए ट्रेनों में सीट नहीं मिल रही है।
बस्ती : त्योहारी सीजन में ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। दिवाली अब बीत गई है। देश के अन्य शहरों में रहने वाले लोग अब रवाना होने लगे हैं। इनके सफर में ट्रेनों में नो-रूम खलल पड़ रहा है। कुछ ऐसा ही है छठ पर्व पर घर आने वाले यात्रियों के साथ। उन्हें दिल्ली-मुंबई से घर आने के लिए ट्रेनों में सीट नहीं मिल रही है।
दिल्ली से आने वाली अप ट्रेनों खासकर वैशाली सुपरफास्ट, गोरखधाम, सत्याग्रह, आम्रपाली में एसी समेत स्लीपर और जनरल बोगी में जगह नहीं मिल रही है। जैसे-तैसे लोग लटक कर और खड़े होकर यात्रा कर रहे हैं। यही हाल मुंबई से आने वाली ट्रेनों का है। अवध एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस में नो-रूम है। यह समस्या छठ पर्व के बाद तक रहेगी। वहीं डाउन ट्रेनों में अब दिवाली पर घर आए लोगों की वापसी होने पर भीड़ बढ़ गई है। तत्काल तो किसी तरह से टिकट मिल जा रहा है। आरक्षण नहीं हो पा रहा है। जनरल टिकट पर लोग यात्रा कर रहे हैं। आशीष और शिवम दिवाली पर घर आए थे, अब वह जाने वाले हैं। कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है। इससे वह परेशान हैं। स्टेशन अधीक्षक विश्वंभर चौधरी ने कहा, भीड़ के मद्देनजर यात्रियों को नियमित सूचनाएं दी जा रही हैं। आरपीएफ इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव ने कहा ट्रेनों में भीड़ अधिक है। स्कोर्ट को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रियों पर नजर रखें। गेट पर खड़े न होने दें। दुर्घटना के मद्देनजर यात्रियों को जागरूक भी किया जा रहा है।