दिल का दौरा पड़ने से शिक्षा मित्र की मौत
बस्ती: नगर थाना क्षेत्र के दुबखरा गांव निवासी शिक्षामित्र बृजेश कुमार यादव 33 की देर रात दिल का दौरा पडने से निधन हो गया।
बस्ती: नगर थाना क्षेत्र के दुबखरा गांव निवासी शिक्षामित्र बृजेश कुमार यादव 33 की देर रात दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। उनकी मौत की खबर लगते ही बड़ी संख्या में शिक्षामित्र शुक्रवार की सुबह दुबखरा पहुंच गए। दुबखरा निवासी बृजेश कुमार यादव पुत्र स्व. हरिकृष्ण यादव शिक्षा मित्र थे। उनका समायोजन शिक्षक के पद पर गौर विकास खंड के चनईपुर पूर्व प्राथमिक विद्यालय पर 25 जुलाई 2017 को हुआ था, लेकिन कोर्ट के आदेश के बाद सभी शिक्षामित्रों की तरह उनका भी समायोजन रद्द घोषित कर दिया गया। इसे लेकर वह काफी तनाव में चल रहे थे। 6 मई 2018 को उनकी छोटी बहन प्रीति की शादी होनी है। शादी की पूरी जिम्मेदारी बृजेश पर थी। इसके कारण वह काफी परेशान थे। शिक्षा विभाग द्वारा 2016 के एरियर का भुगतान भी नहीं किया गया था। बहन के शादी की तिथि नजदीक आने पर उनका तनाव बढ़ता ही जा रहा था। गुरुवार की रात लगभग 10.45 पर उनके सीने में दर्द उठा। दर्द बहुत तेज होने लगा तो उन्होंने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन आनन-फानन में निजी वाहन से उन्हें जिला अस्पताल ले गए जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दिवंगत बृजेश अपने पीछे पत्नी वंदना, 2 साल की बेटी रिया को छोड़ गए हैं। इधर जैसे ही शिक्षा मित्र के मौत की खबर अन्य शिक्षामित्रों को हुई उन्होंने गांव में पहुंचकर परिजनों को ढ़ांढ़स बंधाया। समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव चंद्रकेश ¨सह समेत तमाम लोगों ने शिक्षामित्र के निधन पर शोक जताया।