छप्पर के बड़ेर से लटका मिला युवक का शव
माता पिता के साथ छप्पर में रहता था युवक
जागरण संवाददाता-देईसांड़ बस्ती: लालगंज थानाक्षेत्र के बानपुर गांव में एक युवक ने फांसी लगा कर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की।
सोमवार की रात करीब नौ बजे बानपुर निवासी बुंदन (22) पुत्र राम बहाल अपने छप्पर के बड़ेर से गमछे की फंसरी के सहारे लटका मिला। पिता की नजर उस पर पड़ी तो वह चीखने चिल्लाने लगे। जैसे तैसे उन्होंने बुंदन को नीचे उतारा, मगर तब तक उसकी मौत चुकी थी। मौके पर पहुंची लालगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था जो अपने बुजुर्ग मां गेना देवी व पिता राम बहाल के साथ छप्पर में रहता था। वह मेहनत मजदूरी कर अपने बूढ़े मां बाप का भरण पोषण करता था। उसके दो बड़े भाई अपने बीबी बच्चों के साथ अलग रहते हैं। प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मा गौड़ ने बताया कि मृतक अविवाहित था। उसने किस हालत में ऐसा कदम उठाया, जांच की जा रही है।