जवाहर नवोदय विद्यालय में रखे जा सकेंगे 90 कोरोना मरीज
डीएम व एसपी ने नवोदय विद्यालय रुधौली का किया निरीक्षण
बस्ती: जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन व पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा ने सोमवार को रुधौली तहसील के जवाहर नवोदय विद्यालय का निरीक्षण किया। विद्यालय को कोरोना मरीजों के लिए अस्थाई तौर पर एल वन हास्पिटल के रूप में तैयार किया जा रहा है। यहां पर कोरोना वायरस के मरीजों को रखे जाने, उनके खान-पान, डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ के रहने की व्यवस्था का जायजा लिया।
नवोदय विद्यालय के ब्वायज हॉस्टल में कुल 192 बेड हैं। सोशल डिस्टेंसिग मेंटेन करते हुए यहां पर 90 कोरोना पॉजिटिव मरीजों को रखा जा सकता है। इसी से लगा हुआ हॉस्टल है, जिसमें डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ को रहने की सुविधा की जा रही है। साथ में लगे हुए भवन में किचन बनाया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी ने ब्वायज हॉस्टल को चारों तरफ बैरीकेडिग कराया है। इसकी साफ-सफाई हो रही है, सैनिटाइजेशन भी कराया जा रहा है। ब्वायज हॉस्टल में कुल 28-28 शौचालय एवं बाथरूम हैं, जिनके नियमित सफाई का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर कोरोना पॉजिटिव मरीजों को रखने के लिए विद्यालय के तीन अलग अलग भवनों का चयन किया गया है। इससे बाकी स्टाफ की कॉलोनी, शैक्षणिक भवन, प्रशासनिक भवन अलग है। इनका किचन भी अलग होगा। वर्तमान समय में यहां पर छुट्टी चल रही है और 11 बच्चों को छोड़कर अन्य सभी अपने अपने घर चले गए हैं। जिलाधिकारी ने पूर्वी गोदावरी जिले के रहने वाले इन बच्चों को परिवहन निगम की बस से भिजवाने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। बस के साथ नवोदय विद्यालय का स्टाफ तथा सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मी भी जाएंगे। ईस्ट गोदावरी में स्थित नवोदय विद्यालय में बस्ती जिले के रहने वाले 25 बच्चे हैं जिन्हें इस बस के द्वारा बस्ती वापस लाया जाएगा। संपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी नीरज प्रसाद पटेल को सौंपी है।