बरसात में निर्माणाधीन नाला बना मुसीबत
बनते ही ढह गई नाले की दीवार गुणवत्ता पर उठे सवाल
बस्ती : कटरा-बड़ेवन मार्ग के किनारे नाला निर्माण आधे-अधूरे में छोड़ दिया गया। बरसात से यह निर्माणाधीन नाला स्थानीय नागरिकों के लिए मुसीबत बन गया है।
300 मीटर लंबाई में 14.47 लाख रुपये की लागत से कटरा से बड़ेवन मार्ग पर नाला निर्माण होना है। निर्माण कार्य की गति बेहद धीमी होने के कारण नागरिकों की समस्या बढ़ गई है। पखवारे भर पहले नाला निर्माण के लिए खोदाई की गई। कुछ दूरी में निर्माण कार्य भी शुरू कराया गया। इधर बारिश होने लगी तो निर्माण कार्य ठप हो गया। बारिश के पानी से मिट्टी कीचड़ बन गई है। वहीं निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल भी खुल गई। निर्माणाधीन दीवार चंद दिनों में ही ढह गई । स्थानीय लोग जुगाड़ से घरों से बाहर निकल पा रहे हैं। खोदे गए नाले के ऊपर लकड़ी का अस्थाई पुल बनाया गया है। सावधानी के साथ लोग इसे पार कर रहे हैं।
वशिष्ठपुरम की भी स्थिति बिगड़ी
आवास विकास उत्तरी तरफ स्थित वशिष्ठ पुरम की भी स्थिति बिगड़ गई है। यहां सड़क और नाली का निर्माण चल रहा था। बरसात से पहले यह कार्य पूरा नहीं किया गया। अब बारिश होने की वजह से इस रास्ते पर आने जाने लायक नहीं है। निर्माणाधीन सड़क पर कीचड़ जमा है।
रूपम मिश्रा, नपाध्यक्ष ने बताया कि
लॉकडाउन की वजह से निर्माण कार्य में देरी हुई है। जहां कहीं गड़बड़ी है ठीकेदार को सुधार के लिए कहा गया है। नागरिक सुविधा का पूरा ध्यान दिया जाएगा। गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा।