दहेज हत्या में पति समेत आठ पर मुकदमा
पुलिस ने मृतका के पिता की दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा का दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, कप्तानगंज, बस्ती : थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते 23 अक्टूबर को एक विवाहिता के मायके में आत्महत्या करने के मामले में नया मोड आ गया है। पुलिस ने मृतका के पिता की दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा का दर्ज किया है। आरोपितों में ग्राम प्रधान भी शामिल है।
मृतका के पिता का आरोप है अप्रैल 2018 में नगर थाना क्षेत्र के एक गांव में निकाह हुआ था। ससुराल में जाने के कुछ दिनों के बाद ही वह मायके लौट आई। तब से वहीं रह रही थी। विदाई को लेकर कई बार पंचायत भी हुई लेकिन बात नहीं बनी। मायके में गत 23 अक्टूबर की देररात में उसने फांसी लगाकर जान दे दी थी। तहरीर में कहा गया है कि बेटी को ससुराल पक्ष के लोग दहेज के ढाई लाख रुपये एवं मोटरसाइकिल के लिए बार-बार प्रताड़ित करते थे। इस मामले की पूर्व में पुलिस से शिकायत भी की गई थी। तहरीर के आधार पर मृतका के पति,ससुर,सास,जेठ, जेठानी, देवर, ननद और प्रधान को नामजद किया है। थानाध्यक्ष विकास यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।