भैंस बेचने गया अधेड़ रहस्यमय परिस्थितियों में गायब
पुलिस को तहरीर देकर परिजनों ने अनहोनी की आशका जताई
बस्ती: सोनहा थाना क्षेत्र के अमरौली शुमाली ग्राम पंचायत के चिरैयाडांड़ टोला निवासी नेबूलाल गुप्ता 58 पुत्र गुरु प्रसाद शनिवार की शाम को भैंस बेंचने निकले थे, तबसे उनका कुछ पता नहीं चल पा रहा है। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर उनके साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है। फैजाबाद जनपद के जुबेरगंज में रविवार को पशु बाजार लगती है। नेबूलाल साथियों के साथ गाय, भैंस खरीदता था और उसे ले जाकर जुबेरगंज बेचता था। इसी सिलसिले में वह शनिवार की शाम को थाना क्षेत्र के सेखुई गांव निवासी अपने साथी के घर गया था। जहां से रविवार की भोर में मवेशी लेकर उसे बाजार जाना था। बाजार जाने वाले व्यापारी रविवार की देर शाम तक वापस लौट आते हैं। सोमवार की सुबह तक जब नेबूलाल अपने घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोज शुरू की तो उसके साथी द्वारा बताया गया कि दोनों भैंस बेचकर घर वापस लौट रहे थे। इसी बीच रास्ते में न जाने कब उसे पिकप से महराजगंज के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया। होश में आने पर वह किसी तरह घर वापस लौटा। लेकिन वह नेबूलाल के बारे में कुछ भी नहीं बता सका। वह सिर्फ इतना बता रहा है कि नेबूलाल पिकप पर आगे बैठा था और वह पीछे। भैंसों के बेंचने से प्राप्त 90 हजार रुपये भी उसके द्वारा गायब हो जाने की बात कही जा रही है। परिजन अनहोनी की आशंका से परेशान हैं। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। हाइवे पर जुबेरगंज फैजाबाद से बस्ती के बीच पड़ने वाले थानों से संपर्क किया जा रहा है।