विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस्ती में प्रधानाचार्य को हटाने के बाद छात्रों ने किया हंगामा, समझाने पहुंचे शिक्षक से हाथापाई; सिर पर लगी चोट

Published: Fri, 17 Jul 2026 04:51 PM (GMT+05:30)

प्रधानाचार्य सुशील त्यागी को पद से हटाए जाने के विरोध में बस्ती के अटल आवासीय विद्यालय के छात्रों ने हंगामा ...और पढ़ें

नाराज छात्रों से बात करते उपजिलाधिकारी व अन्य।

नाराज छात्रों से बात करते उपजिलाधिकारी व अन्य।

HighLights

  1. प्रधानाचार्य सुशील त्यागी को हटाने पर छात्रों का हंगामा।

  2. समझाने गए शिक्षक से हाथापाई, सिर पर चोट लगी।

  3. अधिकारियों के आश्वासन पर छात्र शांत हुए, जांच जारी।

संवाद सूत्र, श्रृंगीनारी (बस्ती)। अटल आवासीय विद्यालय बसेवा राय के प्रधानाचार्य सुशील त्यागी को पद से हटाए जाने के विरोध में शुक्रवार को छात्रों ने विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया। नाराज छात्र परिसर में एकत्र होकर नारेबाजी करने लगे। इस दौरान छात्रों को समझाने पहुंचे एक शिक्षक से उनकी कहासुनी हो गई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। घटना में शिक्षक के सिर पर चोट भी लग गई है।

सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी उमाकांत तिवारी, क्षेत्राधिकारी स्वर्णिमा सिंह, श्रम विभाग के अधिकारी तथा पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।

दोपहर करीब एक बजे निष्पक्ष जांच का आश्वासन मिलने के बाद छात्र शांत हुए। प्रधानाचार्य सुशील त्यागी को कार्य में लापरवाही एवं अनुशासनहीनता के आरोपों की जांच के बाद पद से हटा दिया गया है।

इस बारे में पूछे जाने पर उप जिलाधिकारी हर्रैया उमाकांत तिवारी ने बताया कि विद्यालय के कुछ छात्रों का प्रधानाचार्य से विशेष लगाव था। उनके हटाए जाने की सूचना के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

फिलहाल विद्यालय में स्थिति सामान्य है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। कुछ छात्रों ने विद्यालय स्टाफ द्वारा उनके साथ मारपीट व भोजन सही न देने का आरोप लगाया है। जांच करा कर दोषियों पर कार्यवाही की जाएगी।

इस मामले में पूर्व प्रधानाध्यापक सुशील त्यागी ने बताया कि उन्हें नियम के विरुद्ध कार्य करने को कहा गया था, जिसका विरोध करने पर उन्हें ही पद से हटा दिया गया है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है। बच्चों को उग्र नहीं होना चाहिए।

यह भी पढ़ें- कृषि यंत्रों और ड्रोन पर सब्सिडी के लिए करें ऑनलाइन आवेदन, किसान को मिलेगा फायदा