विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस्ती: रुधौली में लापरवाही पर कार्रवाई, तीन कर्मचारियों को नोटिस; बीडीओ ने दो सफाई कर्मियों का वेतन रोका

Published: Sat, 16 May 2026 08:51 PM (IST)

बस्ती के रुधौली विकास खंड में शासकीय कार्यों में लापरवाही और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पर कार्रवाई की गई है।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, बस्ती। विकास खंड रुधौली में शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के मामले में कार्रवाई की गई है।

सीडीओ सार्थक अग्रवाल द्वारा विकास खंड कार्यालय रुधौली के औचक निरीक्षण में मिली कमियों और संपूर्ण समाधान दिवस में मिलीं शिकायतों के बाद बीडीओ अनिल यादव ने तीन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दो सफाईकर्मियों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया है।

संपूर्ण समाधान दिवस में ग्राम पंचायत बांसखोर कला के निवासी सूरज ने शिकायत दर्ज कराई कि गुजरपुरवा से बांसखोर कला जाने वाली करीब 200 मीटर सड़क दब गई है, जिससे वहां जलजमाव हो गया है।

इस संबंध में जब बीडीओ अनिल यादव ने सचिव तीरथ प्रसाद से संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका मोबाइल बंद मिला। मोबाइल बंद रखने को घोर लापरवाही मानते हुए, बीडीओ ने उन्हें नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद बस्ती में संभावित भ्रमण को देखते हुए सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने रुधौली विकासखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया जहां निरीक्षण के दौरान विकासखंड परिसर का सामुदायिक शौचालय को अपूर्ण पाया तो उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

इस लापरवाही पर बीडीओ ने अवर अभियंता चन्दन गुप्ता को भी तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने का नोटिस दिया है। इसी क्रम में स्थापना पटल से संबंधित सेवा पुस्तिकाएं सत्यापित न पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई जिसके बाद बीडीओ ने पटल के प्रभारी जुलफेकार अहमद सिद्दीकी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए दो दिन के भीतर संबंधित कर्मचारियों की सेवा सत्यापित कर आख्या प्रस्तुत करने और स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।

इस के अलावा सीडीओ ने संपूर्ण समाधान दिवस में ग्राम पंचायत बखरिया के निवासी जाहिद अली ने शिकायत की कि गांव में तैनात सफाईकर्मियों द्वारा साफ-सफाई न किए जाने के कारण गंदगी का अंबार लगा हुआ है।

ग्राम प्रधान सईद अहमद और सचिव शैलेन्द्र त्रिपाठी द्वारा एक सप्ताह पहले नाली साफ करने के निर्देश दिए जाने के बाद भी सफाईकर्मियों ने काम नहीं किया था।

उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने पर बीडीओ ने बखरिया में तैनात सफाईकर्मी जवाहर लाल और अमलेश कुमार का मई का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित किया है।