ताला लटके घरों को बनाते थे निशाना, UP पुलिस ने ऑपरेशन चलाकर पकड़े इनामी गिरोह के 5 चोर
बस्ती पुलिस ने एक अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो गैंगस्टर सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
-1792413700291_m.webp)
एंटी थेफ्ट टीम, एसओजी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सफलता
HighLights
अंतरजनपदीय चोर गिरोह का बस्ती में पर्दाफाश।
दो गैंगस्टर सहित पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए।
चोरी की कार, नकदी, आभूषण बरामद हुए।
जागरण संवाददाता, बस्ती। पुलिस ने अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। संयुक्त टीम ने दो गैंग्सटर समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह लंबे समय से कई जिलों में सक्रिय था और सूने मकानों को निशाना बनाता था।
आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त कार, नकदी और आभूषण बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में चार सीतापुर और एक बहराइच जिले का निवासी है। एंटी थेफ्ट टीम, एसओजी (स्पेशल आपरेशन ग्रुप) और गौर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने पत्रकार वार्ता में बताया कि गौर थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई थी।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए सीओ हरैया स्वर्णिमा सिंह के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान गिरोह के सदस्यों तक पहुंचने में सफलता मिली। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस टीम की सफलता पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे पहले मकानों की रेकी करते थे। जिन घरों में ताले लगे होते थे, उन्हें निशाना बनाते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में ताले तोड़कर या खिड़की के रास्ते घरों में घुसकर आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक इतिहास रहा है।
इनके विरुद्ध अन्य जिलों के थानों में भी चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने सभी पांच आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार अंतरजनपदीय शातिर चोर
संयुक्त टीम की ओर से गिरफ्तार किए गए शातिर चोरों में मुख्य सरगना गैंग्सटर राजकुमार वर्मा पुत्र छोटेलाल निवासी औरीसायपुर थाना तम्बौर, गैंग्सटर सोनेलाल उर्फ सोनू चौहान पुत्र रामजीवन निवासी कुट्टी सुपौली मौजा लोनिया पुरवा थाना लहरपुर, अवधेश चौहान पुत्र बाबूराम निवासी बेदौरा थाना रेउसा, धनीराम पुत्र जगन्नाथ निवासी ऊंचगांव करहेका थाना सकरन जनपद सीतापुर व आमिर पुत्र मेराज निवासी महराजगंजजोत चांदपार थाना हरदी जनपद बहराइच शामिल हैं।
