धर्म व जाति की राजनीति करने वालों ने यूपी को किया बर्बाद: बघेल
बोले सिर्फ कांग्रेस करती है विकास की राजनीति नाम लिए बिना भाजपा सपा व बसपा पर साधा निशाना
जागरण संवाददाता, बस्ती: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने नाम लिए बिना भाजपा, सपा व बसपा पर निशाना साधा। कहा कि धर्म व जाति के नाम पर राजनीति करने वाली पार्टियों ने उत्तर प्रदेश को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया है। एक पार्टी धर्म तो दूसरी जाति के नाम पर वोट मांगती है। इससे निजात पाने के लिए कांग्रेस के हाथों को मजबूत करना जरूरी है। कांग्रेस केवल विकास की राजनीति करती है।
भूपेश बघेल मंगलवार को भानपुर के बैड़ा समय माता मंदिर परिसर में आयोजित कांग्रेस के किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कहा कि अच्छे दिन का वादा करके सत्ता में आई भाजपा ने 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था। 2022 पूरे होने में अब सिर्फ 23 दिन बचे हैं। ऐसे में सरकार किस तरह आय दोगुनी करेगी, उसे स्पष्ट करना चाहिए। सच तो यह है कि सिर्फ महंगाई दोगुनी हुई है। महंगाई कम करने के लिए भाजपा को हराना होगा। उन्होंने कांग्रेस के किसान एजेंडे की चर्चा की। कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो प्रदेश में किसानों का धान व गेहूं 2500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार गरीबों को मात्र एक रुपये किलो चावल दे रही है, जबकि किसानों से दो रुपये किलो गोबर खरीद रही है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा, बिजली का बिल हाफ कर दिया जाएगा। उन्होंने विधान सभा चुनाव में लोगों से जाति, धर्म से ऊपर उठकर गरीबी, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर वोट करने की अपील की। इससे पहले पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्वांचल प्रभारी राजेश तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जो वादा करती है। उसे पूरा भी करती है। इसका उदाहरण छत्तीसगढ़ है। जहां किसानों का कर्ज माफ करने के साथ ही उनकी समृद्धि के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं।
सम्मेलन के आयोजक वरिष्ठ नेता बसंत चौधरी ने कहा कि सत्ता में न रहने के बाद भी कांग्रेस की मनरेगा योजना से प्रदेश में दो करोड़ लोगों को रोजगार मिला है। कहा कि संचार क्रांति राजीव गांधी की देन है। प्रदेश में 31 साल से कांग्रेस वनवास झेल रही है, इसके बाद भी उनकी कुशल नीतियों की देन है कि 6 लाख युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी कर खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे हैं। सभा को जिलाध्यक्ष अंकुर वर्मा, अंबिका सिंह, प्रेम शंकर द्विवेदी, सच्चिदानंद पांडेय, इं.प्रशांत पांडेय,काजी सुहेल अहमद,रविन्द्र चौधरी, सन्त यादव ने भी संबोधित किया। कांति पांडेय, अजय पांडेय, मनोज त्रिपाठी, देवेंद्र श्रीवास्तव, बृजेश कुमार आर्य, बबीता शुक्ला, सीमा निषाद, महफूज अली, प्रमोद द्विवेदी आदि मौजूद रहे।