कोडीन सीरप के मामले में कोर्ट में पेश हुआ पंकज, पांच अक्टूबर को होगी अगली सुनवाई
कोडीन सीरप मामले के आरोपित पंकज की रिमांड अपर सत्र न्यायाधीश ने 5 अक्टूबर तक बढ़ा दी है। जांच में ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, बस्ती। अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी द्वितीय मीनाक्षी सोनकर ने जिला जेल में निरुद्ध कोडीन सीरप मामले के आरोपित पंकज की रिमांड पांच अक्टूबर तक बढ़ा दिया है।
नशे के लिए इस्तेमाल होने वाले कोडीन युक्त कफ सीरप न्यू फेंसेडिल के मामले में सोमवार को पंकज बस्ती जेल से अदालत में उपस्थित हुआ । न्यायालय ने अगली तारीख पेशी पांच अक्टूबर नियत किया है।
कोतवाली बस्ती में एनडीपीएस व अन्य गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान राची, झारखंड स्थित मेसर्स शैली ट्रेडर्स के मालिक धर्मेंद्र कुमार अग्रवाल का नाम सामने आया है। अभियुक्त न्यायिक अभिरक्षा में निरूद्ध है। जांच में सामने आया है कि गांधी नगर में गणपति फार्मा के नाम से पंकज कुमार के नाम से फर्जी कूट रचित आधार कार्ड व फर्जी पते पर थोक दवा की दुकान कागजों में खोली गई।
शहर के मेसर्स संस फार्मा, जिला अस्पताल से 45000 कोडीन युक्त सीरप की शीशी, हर्ष मेडिसिन सेंटर, जिला चिकित्सालय से 49000 शीशी, मेसर्स आइडियल फार्मा एंड मेडिसिन सेंटर निकट टाउन क्लब से 45000 शीशी व मेसर्स यश मेडिसिन सेंटर, खीरीघाट 33000 शीशी की बिक्री विभिन्न बिलों के माध्यम से की गई। जांच में पाया गया कि गणपति फार्मा की दुकान कभी खुलती ही नहीं थी।
इतनी भारी मात्रा में की गई कोडिन युक्त सीरप के बंग्लादेश व खाड़ी देशों तक तस्करी किए जाने की संभावना जताई जा रही है। इसका इस्तेमाल नशे के लिए बड़े पैमाने पर किया जाता है।
वर्तमान समय में विवेचना के क्रम मे एचडीएफसी बैंक की मकबूल आलम रोड शाखा वाराणसी में गणपति फार्मा के खाता मे जमा राशि कुर्क की गयी थी। जिसे न्यायालय ने अधिग्रहित कर लिया था। बुधवार को कोई कार्यवाही नही हुई।
