विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस्ती के पूर्व विधायक रामललित चौधरी को दी गई अंतिम विदाई, सरयू तट पर हुआ अंतिम संस्कार

Published: Sun, 20 Sep 2026 11:56 AM (IST)

बस्ती के पूर्व विधायक रामललित चौधरी को उनके पैतृक गांव परसालालशाही में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी ...और पढ़ें

पैतृक गांव परसालालशाही में पुलिस ने दी सलामी। जागरण

पैतृक गांव परसालालशाही में पुलिस ने दी सलामी। जागरण

HighLights

  1. पूर्व विधायक रामललित चौधरी को पैतृक गांव में गार्ड ऑफ ऑनर मिला।

  2. अयोध्या के सरयू तट पर हुआ उनका अंतिम संस्कार।

  3. उन्हें ईमानदार और किसान हितैषी नेता के रूप में याद किया गया।

जागरण संवाददाता, रुधौली, बस्ती। रामनगर विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रहे पूर्व विधायक रामललित चौधरी के पार्थिव को शनिवार को उनके पैतृक गांव परसालालशाही में गार्ड आफ आनर के साथ अंतिम विदाई दी गई।

अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दलों से जुड़े लोग, समर्थक और शुभचिंतक उनके पैतृक गांव पहुंचते रहे। पुलिस लाइन से पहुंची फोर्स ने दिवंगत पूर्व विधायक को गाड आफ आनर दिया। सलामी के दौरान पूरा माहौल गमगीन रहा और मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

पूर्व विधायक रामललित चौधरी के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लग गया। हर कोई अपने प्रिय नेता को अंतिम बार देखने और श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचा। लंबे समय तक क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे रामललित चौधरी के निधन से उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में शोक की स्थिति बनी रही।

पुलिस सम्मान के बाद पार्थिव को अंतिम संस्कार के लिए अयोध्या स्थित सरयू तट ले जाया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। रास्ते भर समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ रही। अयोध्या के सरयू तट पर भी उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। नम आंखों के बीच उनके छोटे भाई ध्रुपचंद चौधरी ने अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं और मुखाग्नि दी।

ईमानदार व किसान हितैषी नेता के रूप में बनाई पहचान

गाड आफ आनर के दौरान मौजूद पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि रामललित चौधरी के निधन से क्षेत्र ने एक ईमानदार, किसान हितैषी, सच्चे सिपाही और लोकप्रिय जननेता को खो दिया है। उन्होंने कहा कि रामललित चौधरी ने अपने राजनीतिक जीवन में आमजन और किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनके निधन से जो रिक्तता उत्पन्न हुई है, उसे भर पाना कठिन है। क्षेत्र के लोग लंबे समय तक उनके योगदान को याद रखेंगे।

अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे जनप्रतिनिधि व शुभचिंतक

दिवंगत पूर्व विधायक को श्रद्धांजलि देने के लिए विधायक राजेंद्र प्रसाद चौधरी, पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल, भाजपा नेता राजेश पाल, समाजसेवी हरिशंकर चौधरी, लालजी वर्मा, रियाजुल्लाह उर्फ बहिरू, रोशन अली, रामफेर गौतम, शैलेंद्र गौतम समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।