भारी पड़ेगी बाढ़ खंड अधिकारियों की उदासीनता
खतरे के निशान से सिर्फ तीन सेमी ऊपर अब तेजी से नदी का जलस्तर घट रही है।
जासं दुबौलिया, बस्ती : सरयू नदी का जलस्तर घटाव पर है। लेकिन खतरा कम नहीं हुआ है। कटरिया-चांदपुर तटबंध पर नदी खजांचीपुर के निकट तेजी से कटान कर रही है। बांध की सुरक्षा के लिए बने स्पर लगातार कट रहे हैं। बाढ़ प्रशासन बोल्डर की जगह मिट्टी भरी बोरियां व झाड़ से कटान को रोकने की कोशिश कर रहा हैं। शुक्रवार को नदी का जलस्तर चेतावनी बिदु 91.73 मीटर से 3 सेंटीमीटर ऊपर 91.76 मीटर प्रवाहित हो रहा था।
नदी के तेज कटान के चलते बंजरिया, बिसुन्दासपुर हरिजन बस्ती, खजांचीपुर, खलवा, टकटकवा, दिलासपुरा के निकट कृषि योग्य भूमि लगातार कट रही है। कटान को रोकने के लिए पिछले तीन दिनों से परकोपाइन लगाया जा रहा है। बहाव तेज होने से यह कुछ ही घंटे में कट कर नदी में बह जा रहा है। लोगों का कहना है बचाव के नाम पर धन की बर्बादी हो रही है। यहा कटान रोकने के लिए नाममात्र का बोल्डर बचा है। उसे भी उपयोग में नहीं लिया जा रहा है। अधीक्षण अभियंता अवनीश साहू ने बताया तटबंध पर मरम्मत कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तटबंध पर खतरा जरूर है पर कटने नहीं दिया जाएगा।